बुधवार, 19 अगस्त 2026

सुल्तानपुर : CHC अधीक्षक पर सरिया से जानलेवा हमला,छह घंटे में आरोपी गिरफ्तार।||Sultanpur: CHC Superintendent attacked with iron rod, accused arrested within six hours.||

शेयर करें:
सुल्तानपुर  : 
CHC अधीक्षक पर सरिया से जानलेवा हमला,छह घंटे में आरोपी गिरफ्तार।।
दो टूक :  सुलतानपुर जनपद के 
 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अखण्डनगर के अधीक्षक डॉ. सत्येंद्र सिंह पर लोहे की सरिया से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के करीब छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त सरिया का टुकड़ा भी बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे डॉ. सत्येंद्र सिंह सीएचसी की ओपीडी में मौजूद थे। आरोप है कि इलाज कराने पहुंचा सचिन गौड़ अचानक ओपीडी में घुस आया और चिकित्सक को गाली देते हुए उनके सिर पर लोहे की सरिया से हमला कर दिया। हमले में चिकित्सक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई।
आरोप है कि हमले के बाद आरोपी ने चिकित्सक के कार्यालय में रखे सरकारी रजिस्टर फाड़ दिए और बीपी मशीन समेत अन्य सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के संबंध में चिकित्सक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर सचिन गौड़ पुत्र विनोद कुमार, निवासी प्राणनाथपुर बछड़िया, थाना अखण्डनगर को महमूदनगर चौराहे के पास से दोपहर करीब 1:40 बजे गिरफ्तार किया गया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल सरिया का टुकड़ा भी बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमित सिंह, कांस्टेबल अमित यादव और कांस्टेबल विजय गुप्ता शामिल रहे।
दो टूक मीडिया की रिपोर्ट