बुधवार, 19 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: सलारपुर की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर ग्रामीणों ने जताया आभार, अशोक भाटी के नेतृत्व में CEO और OSD का किया सम्मान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सलारपुर की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर ग्रामीणों ने जताया आभार, अशोक भाटी के नेतृत्व में CEO और OSD का किया सम्मान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

सलारपुर में आधुनिक बारात घर के निर्माण का रास्ता साफ, ग्रामीणों ने नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को पुष्पमाला, पगड़ी, शॉल व मिठाई खिलाकर किया अभिनंदन

दो टूक//नोएडा, 19 अगस्त 2026। ग्राम सलारपुर में वर्षों से चली आ रही सामुदायिक केंद्र एवं आधुनिक बारात घर की मांग अब पूरी होने की दिशा में बढ़ गई है। नोएडा प्राधिकरण बोर्ड से स्वीकृति मिलने के बाद गांव में आधुनिक बारात घर के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर ग्रामवासियों में खुशी का माहौल है।

वर्षों पुरानी इस मांग को भारतीय किसान यूनियन, गौतमबुद्धनगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी लगातार प्राथमिकता के साथ नोएडा प्राधिकरण के समक्ष उठाते रहे हैं। ग्रामीणों की सुविधा और क्षेत्र के विकास से जुड़े इस मुद्दे को उन्होंने अधिकारियों के सामने मजबूती से रखा और इसके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए। स्वीकृति मिलने के बाद ग्रामवासियों ने अशोक भाटी के नेतृत्व में नोएडा विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश एवं ओएसडी क्रांति शेखर से मुलाकात कर उनका आभार जताया।

इस दौरान ग्रामवासियों ने दोनों अधिकारियों का पुष्पमाला, पुष्पगुच्छ, सम्मान की पगड़ी एवं शॉल भेंट कर अभिनंदन किया और मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। ग्रामीणों ने कहा कि आधुनिक बारात घर की स्वीकृति सलारपुर के लिए बड़ी उपलब्धि है और इससे लंबे समय से चली आ रही एक महत्वपूर्ण आवश्यकता पूरी होगी।

अशोक भाटी के प्रयासों की ग्रामीणों ने की सराहना

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि सलारपुर में आधुनिक बारात घर का निर्माण गांव और पूरे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। लंबे समय से ग्रामीणों को विवाह, धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उपयुक्त और व्यवस्थित स्थान की आवश्यकता महसूस हो रही थी। अब इस समस्या का स्थायी समाधान होने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस सुविधा का लाभ केवल सलारपुर के मूल ग्रामीणों को ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्र में रहने वाले बड़ी संख्या में परिवारों को भी मिलेगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त बारात घर बनने के बाद लोगों को पारिवारिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।

अशोक भाटी ने कहा कि सलारपुर और आसपास के गांवों के रुके हुए विकास कार्यों को लेकर भी नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से लगातार संवाद किया जा रहा है। ग्रामीण हितों से जुड़े जिन मुद्दों का समाधान अभी लंबित है, उन्हें भी प्राथमिकता के साथ अधिकारियों के समक्ष रखा जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में अन्य विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।

परविंदर अवाना की सक्रिय भूमिका की भी सराहना

ग्रामीणों ने इस पूरी प्रक्रिया में परविंदर अवाना की सक्रिय भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि गांव के विकास और ग्रामीणों की समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाने तथा उनके समाधान के लिए परविंदर अवाना लगातार सक्रिय रहे हैं। ग्रामीणों के साथ संवाद बनाए रखते हुए उन्होंने इस मांग को मजबूती से आगे बढ़ाने में सहयोग किया।

ग्रामीणों का कहना था कि अशोक भाटी और परविंदर अवाना जैसे जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने वाले लोगों की सक्रियता से ही वर्षों से लंबित मांगें अब धरातल पर उतरने लगी हैं। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी दोनों इसी तरह क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों के लिए आवाज उठाते रहेंगे।

अशोक भाटी के आवास पर पहुंचे ग्रामीण

बारात घर की स्वीकृति की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद सलारपुर में खुशी की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामवासी जिलाध्यक्ष अशोक भाटी के आवास पर पहुंचे और उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों ने कहा कि आधुनिक बारात घर की स्वीकृति सलारपुर की वर्षों पुरानी मांग के पूरा होने के साथ-साथ क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर झलकेस बाबूजी, चरण सिंह भाटी, परविंदर अवाना, मनोज मावी, सिंहराज गुर्जर, सुभाष भाटी, मनोज त्यागी, रोहित भाटी, कृष्ण भाटी एवं विकास फागना सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।

ग्रामवासियों और जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने इस जनहितकारी निर्णय के लिए नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश एवं ओएसडी क्रांति शेखर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राधिकरण द्वारा लिया गया यह निर्णय सलारपुर के विकास में एक नया अध्याय जोड़ने वाला है।