गुरुवार, 20 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: विश्व फोटोग्राफी दिवस पर सजी तस्वीरों की अनोखी दुनिया, नोएडा मीडिया क्लब की पांचवीं फोटो प्रदर्शनी ने बटोरीं खूब सराहना!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: विश्व फोटोग्राफी दिवस पर सजी तस्वीरों की अनोखी दुनिया, नोएडा मीडिया क्लब की पांचवीं फोटो प्रदर्शनी ने बटोरीं खूब सराहना!!

 !!विशेष संवाददाता!!

कैमरे में कैद समाज, संस्कृति, प्रकृति और जनजीवन की तस्वीरों ने सुनाई बिना शब्दों की अनकही कहानियां

दो टूक//नोएडा। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर नोएडा मीडिया क्लब की ओर से आयोजित पांचवीं वार्षिक फोटो प्रदर्शनी में कैमरे के जरिए समाज और जिंदगी के विभिन्न रंग जीवंत हो उठे। नोएडा मीडिया क्लब की फोटो गैलरी में आयोजित इस भव्य प्रदर्शनी में दिल्ली-एनसीआर सहित देश के विभिन्न हिस्सों से जुड़े करीब 40 फोटो जर्नलिस्टों की चुनिंदा तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। प्रदर्शनी में फोटो पत्रकारिता, डॉक्यूमेंट्री और स्ट्रीट फोटोग्राफी के माध्यम से समाज, संस्कृति, प्रकृति, जनजीवन और बदलते शहर की तस्वीर को बेहद प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया गया।

प्रदर्शनी में लगी प्रत्येक तस्वीर अपने आप में एक कहानी कहती नजर आई। कहीं सामाजिक सरोकारों की झलक दिखाई दी तो कहीं प्रकृति का अद्भुत सौंदर्य, कहीं आम आदमी की जिंदगी के संघर्ष और भावनाएं कैमरे में कैद नजर आईं तो कहीं शहर और समाज में तेजी से हो रहे बदलावों की तस्वीर देखने को मिली। यही फोटो पत्रकारिता की सबसे बड़ी ताकत है कि एक तस्वीर कई बार वह बात कह जाती है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल होता है।

नोएडा मीडिया क्लब द्वारा विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर प्रत्येक वर्ष फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष पांचवीं फोटो प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसका उद्देश्य फोटो पत्रकारों की मेहनत, रचनात्मकता, संवेदनशीलता और समाज को देखने के उनके अलग नजरिए को एक मंच प्रदान करना रहा। फोटो पत्रकारों ने अपने कैमरों से ऐसे कई महत्वपूर्ण और भावनात्मक क्षणों को कैद किया, जो न केवल वर्तमान का दस्तावेज हैं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए इतिहास की झलक भी प्रस्तुत करते हैं।

गणमान्य लोगों और पत्रकारों ने की तस्वीरों की सराहना

नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी, महासचिव जयप्रकाश सिंह एवं कोषाध्यक्ष मनोज वत्स के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शनी को शहर के गणमान्य लोगों, पत्रकारों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों का उत्साहपूर्ण समर्थन मिला।

इस अवसर पर गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा के प्रतिनिधि संजय बाली, नोएडा एंटरप्रेन्योर एसोसिएशन (NEA) के अध्यक्ष विपिन मल्हन, फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, सपा प्रवक्ता राघवेन्द्र दुबे, युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष विकास जैन, आर्या फैशन्स की संस्थापक एवं सीईओ डॉ. खुशबू सिंह, किसान नेता अशोक चौहान सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, उद्यमी, पत्रकार और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

प्रदर्शनी में वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट कमल किशोर, अमित मेहरा, अम्लान पालीवाल, प्रदीप गौर, नीरज कुमार, इंदरनील सेन, संजय रावत, विजय पांडे, चंद्र प्रकाश मिश्रा, प्रेम सिंह, मो. जाकिर, ध्रुव कुमार, के. आसिफ, बनी स्मिथ और राजेश कुमार सहित दिल्ली-एनसीआर के अनेक वरिष्ठ एवं युवा फोटो पत्रकारों की मौजूदगी रही।

वरिष्ठ पत्रकार देव गुर्जर की मौजूदगी ने बढ़ाया उत्साह

प्रदर्शनी में वरिष्ठ पत्रकार देव गुर्जर की मौजूदगी भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। स्थानीय पत्रकारिता में सक्रिय भूमिका निभाने वाले देव गुर्जर ने फोटो प्रदर्शनी में प्रदर्शित तस्वीरों का अवलोकन किया और फोटो पत्रकारों की मेहनत एवं रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में तस्वीरों का महत्व बेहद व्यापक है। एक अच्छी तस्वीर केवल घटना को दिखाती नहीं, बल्कि उसके पीछे छिपी संवेदना, परिस्थितियों और सामाजिक सच्चाई को भी लोगों तक पहुंचाती है।

देव गुर्जर ने वरिष्ठ एवं युवा फोटो पत्रकारों से मुलाकात कर उनके कार्यों को देखा और फोटो पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में भले ही खबरों के प्रस्तुतिकरण के तरीके तेजी से बदले हों, लेकिन एक प्रभावशाली तस्वीर की ताकत आज भी कायम है। कैमरे से निकली तस्वीर कई बार हजार शब्दों से ज्यादा प्रभावशाली होती है और समाज के सामने किसी घटना की वास्तविक तस्वीर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

फोटो पत्रकारिता समाज का आईना : अतिथि

प्रदर्शनी में पहुंचे अतिथियों ने फोटो जर्नलिस्टों द्वारा खींची गई तस्वीरों को बारीकी से देखा और उनकी रचनात्मकता एवं मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि फोटो पत्रकारिता समाज का आईना है। फोटो जर्नलिस्ट घटनास्थल पर मौजूद रहकर जिस क्षण को कैमरे में कैद करता है, वह तस्वीर उस समय की परिस्थितियों और भावनाओं का प्रमाण बन जाती है। कई तस्वीरें आने वाली पीढ़ियों के लिए इतिहास के महत्वपूर्ण दस्तावेज का काम करती हैं।

अतिथियों ने कहा कि फोटो पत्रकारों का काम केवल तस्वीर खींचना नहीं, बल्कि सही समय, सही स्थान और सही भाव को पहचानकर उसे कैमरे में सुरक्षित करना भी है। इसके लिए संवेदनशीलता, साहस, धैर्य और रचनात्मक दृष्टि की आवश्यकता होती है।

फोटो पत्रकारों के सम्मान का मंच है प्रदर्शनी : आलोक द्विवेदी

नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने कहा कि फोटो जर्नलिस्ट दिन-रात मेहनत कर समाज, देश और दुनिया में घट रही महत्वपूर्ण घटनाओं को अपने कैमरे में कैद करते हैं। उनकी तस्वीरें खबरों को प्रभावशाली बनाने के साथ-साथ इतिहास के महत्वपूर्ण पलों को संरक्षित करने का भी काम करती हैं।

उन्होंने कहा कि विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित यह प्रदर्शनी फोटो पत्रकारों के समर्पण, साहस, रचनात्मकता और कला को सम्मान देने का प्रयास है। नोएडा मीडिया क्लब भविष्य में भी फोटो पत्रकारों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने तथा उनकी प्रतिभा को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए इस तरह के आयोजन करता रहेगा।

पांचवीं फोटो प्रदर्शनी ने एक बार फिर यह साबित किया कि फोटोग्राफी केवल तस्वीर खींचने की कला नहीं, बल्कि समाज और समय को कैमरे के माध्यम से दर्ज करने का सशक्त माध्यम है। प्रदर्शनी में सजी तस्वीरों ने दर्शकों को कुछ पल ठहरकर देखने, महसूस करने और उन कहानियों को समझने का अवसर दिया, जो अक्सर शब्दों के शोर में कहीं पीछे छूट जाती हैं।।