गुरुवार, 20 अगस्त 2026

मऊ : कामधेनु स्टील के नाम पर 80 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला।।||Mau: A case of online fraud of Rs 80,000 in the name of Kamdhenu Steel.||

शेयर करें:
मऊ : 
कामधेनु स्टील के नाम पर 80 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद कोपागंज थाना क्षेत्र के भदसा मानोपुर निवासी शैलेश मौर्य ने छत की ढलाई के लिए सरिया खरीदने के नाम पर उनके साथ 80 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में कोपागंज थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, गांव के सुरेन्द्र राय ने उन्हें बताया कि उनका एक परिचित कामधेनु स्टील कंपनी में सेल्समैन है, जो कम कीमत पर सरिया उपलब्ध करा सकता है। इसके बाद सुरेन्द्र राय के माध्यम से विशाल गुप्ता नामक व्यक्ति से फोन और व्हाट्सऐप पर बातचीत हुई। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने कामधेनु स्टील फर्म के नाम से प्रोफार्मा इनवाइस भेजते हुए 25 प्रतिशत अग्रिम भुगतान करने को कहा।
पीड़ित ने बताया कि भरोसा करके बताए गए बैंक खाते में अपने गूगल-पे के माध्यम से 80,000 रुपये का भुगतान कर दिया। इसके अगले दिन कथित तौर पर फोन कर 50 प्रतिशत और रकम भेजने की मांग की गई। शैलेश मौर्य ने अतिरिक्त रकम देने से इनकार करते हुए पहले भेजे गए पैसे वापस करने तथा बिल निरस्त करने की बात कही।
आरोप है कि इसके बाद संबंधित मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन स्विच ऑफ आने लगा। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने धोखे से उनकी रकम हड़प ली।
मामले में 19 अगस्त 2026 को कोपागंज थाने में प्रार्थना पत्र दिया गया। थाना प्रभारी की ओर से अभियोग पंजीकृत करने का आदेश दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच एवं आगे की कार्रवाई की जा रही है।