सोमवार, 10 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: श्रावण मास में नोएडा के मंदिरों और संवेदनशील इलाकों पर कड़ी निगरानी, पुलिस अधिकारियों ने परखी सुरक्षा व्यवस्था!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: श्रावण मास में नोएडा के मंदिरों और संवेदनशील इलाकों पर कड़ी निगरानी, पुलिस अधिकारियों ने परखी सुरक्षा व्यवस्था!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ प्रमुख मार्गों पर बढ़ाई गई सतर्कता

दो टूक//नोएडा। श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देश एवं डीसीपी नोएडा श्री साद मिया खान के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों ने थाना सेक्टर-20 क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों, पूजा स्थलों और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

एडीसीपी नोएडा श्रीमती मनीषा सिंह ने एसीपी-1 नोएडा श्री प्रवीण कुमार सिंह एवं पुलिस बल के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिरों एवं पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़, प्रवेश-निकास व्यवस्था तथा आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को बारीकी से परखा।

श्रावण मास में मंदिरों में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस टीमों को विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख चौराहों, मार्गों और सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को लेकर लापरवाही न बरती जाए और सूचना मिलते ही तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के साथ-साथ लगातार निगरानी भी की जा रही है।

यातायात व्यवस्था पर भी पुलिस की नजर

श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर यातायात पुलिस द्वारा लगातार यातायात का संचालन कराया जा रहा है। भीड़ बढ़ने की स्थिति में यातायात को व्यवस्थित रखने तथा जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि श्रावण मास के दौरान जिले के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पुलिस अधिकारियों के क्षेत्र भ्रमण और लगातार निगरानी से साफ है कि श्रावण मास के दौरान धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस किसी भी स्तर पर ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।