मऊ :
सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी आस्था,प्रशासन रहा मुस्तैद।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : जिला अधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने सावन के दूसरे सोमवार पर फिल्ड मे उतरकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रमुख शिव मंदिरों का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश
विस्तार :
सावन के दूसरे सोमवार को जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के साथ विभिन्न प्रमुख शिवालयों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिर परिसरों में जलाभिषेक, श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नौसेमर स्थित 12 दुवरिया मंदिर, कोपागंज स्थित शिव मंदिर तथा मोहम्मदाबाद गोहना के देवलास मंदिर समेत अन्य प्रमुख शिवालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की कतार व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मंदिर व्यवस्थापकों, पुलिस अधिकारियों एवं जिला प्रशासन के कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जलाभिषेक के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होनी चाहिए। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखने को कहा गया।
उन्होंने अधिकारियों को मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में निरंतर निगरानी बनाए रखने, भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त तैयारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही साफ-सफाई और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सावन के सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने शिवालयों में पहुंचते हैं। ऐसे में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सजगता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।
प्रशासन एवं पुलिस की सक्रिय निगरानी के बीच सावन के दूसरे सोमवार पर जिले के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
