सुल्तानपुर :
मासूमों की मौत के एक्शन तेज,115 अवैध झटका मशीनें हटाईं,कार्रवाई जारी।
दो टूक : सुलतानपुर जनपद में खेतों में फसल की सुरक्षा के लिए अवैध रूप से लगाई जा रही झटका मशीनों के करंट की चपेट में आकर हाल में हुई जनहानि की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के निर्देश पर जिलेभर में राजस्व, पुलिस और विद्युत विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा अभियान चलाकर अब तक 115 अवैध झटका मशीनें हटाई जा चुकी हैं। संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जा रही है।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को संयुक्त अभियान चलाकर खेतों के आसपास लगाए गए अवैध विद्युत झटका उपकरणों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद सभी तहसीलों में टीमें गठित कर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
तहसीलवार कार्रवाई में बल्दीराय में 25, सदर में 20, कादीपुर में आठ, लम्भुआ में 23 और जयसिंहपुर में 19 झटका मशीनें हटाई गई हैं। प्रशासन का अभियान आगे भी जारी रहेगा और अन्य स्थानों पर लगी मशीनों को भी चिह्नित कर हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने किसानों और आमजन से अपील की है कि फसल सुरक्षा के लिए अवैध विद्युत प्रवाह वाली झटका मशीनों का प्रयोग न करें। इनसे खेतों में काम करने वाले लोगों के साथ ही राहगीरों और पशुओं की जान को भी गंभीर खतरा हो सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध झटका मशीन लगाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
