लखनऊ :
संत रविदास की 650वीं जयंती पर ‘जाग्रत हिन्दू–समरस समाज’ संगोष्ठी आयोजित।
दो टूक : संत शिरोमणि की जयंती पर आयोजित की गई संगोष्ठी में लोगों ने समानता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया
विस्तार :
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर रविवार को सामाजिक समरसता मंच एवं हिन्दू सुरक्षा सेवा संघ के संयुक्त तत्वावधान में “जाग्रत हिन्दू–समरस समाज” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में सामाजिक समरसता, समानता, आपसी भाईचारे एवं समाज में एकता को मजबूत करने पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
रायबरेली रोड स्थित श्री साईं विहार अतिथि गृह, सरदार पटेल डेंटल कॉलेज के निकट आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी शाश्वत मिश्रा ने की। वहीं सामाजिक समरसता मंच, पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र संयोजक नरेंद्र जी ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूज्य श्री श्री 1008 महंत राजू दास जी महाराज, संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, हिन्दू सुरक्षा सेवा संघ तथा सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी, अयोध्या धाम रहे। उन्होंने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के जीवन, उनके विचारों और समाज सुधार के संदेश को स्मरण करते हुए सामाजिक समानता, समरसता, एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से समाज को जाति-पाति एवं भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता, समानता और भाईचारे के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके विचार आज भी एक मजबूत, संगठित और समरस समाज के निर्माण के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं।
संगोष्ठी में मौजूद वक्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने संत रविदास जी के आदर्शों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अजय जोशी (अवध प्रांत प्रमुख, ज्वाइन आरएसएस), हिन्दू सुरक्षा सेवा संघ के राष्ट्रीय प्रभारी सरून चौहान, प्रांत प्रभारी सचिन, मंडल प्रभारी शिवम, जिला अध्यक्ष दुर्गेश पाण्डेय तथा महानगर अध्यक्ष आलोक सहित सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
