अम्बेडकरनगर :
वरिष्ठ पत्रकार ने जन्मदिन पर रक्तदान कर पेश की मानवता की मिसाल।।
।।रिपोर्ट : ए के चतुर्वेदी।।
दो टूक : अंबेडकरनगर में वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी ज्ञानेंद्र पांडे ‘ज्ञानी जी’ ने अपने जन्मदिन पर केक काटने के बजाय रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। उनके द्वारा किए गए रक्तदान से एक लावारिस और मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के उपचार में मदद मिली और उसकी जान बचाई जा सकी।
सोशल मीडिया से मिली जानकारी, मदद के लिए बढ़े हाथ।
ग्राम सभा वारी, मुड़िला बाजार, कादीपुर, सुल्तानपुर निवासी चंद्रशेखर सिंह उर्फ छोटू सिंह के अनुसार उक्त लावारिस व्यक्ति करीब एक वर्ष से गांव में रह रहा है। मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे इस व्यक्ति को कई बार खून की कमी की समस्या हो चुकी है। इससे पहले भी ग्रामीणों ने रक्तदान कर उसकी मदद की थी। हाल ही में तबीयत बिगड़ने पर चंद्रशेखर सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से समाजसेवा से जुड़े बरकत अली, अकबरपुर, अंबेडकरनगर से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई।
जन्मदिन पर रक्तदान बना जीवनदान।
समाजसेवी बरकत अली ने बताया कि वरिष्ठ पत्रकार ज्ञानेंद्र पांडे ‘ज्ञानी जी’ ने अपने जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान किया था। जरूरतमंद की जानकारी मिलने पर उसी रक्त की व्यवस्था कर लावारिस व्यक्ति के उपचार में मदद पहुंचाई गई। “ज्ञानी जी जैसे लोग समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने अपना जन्मदिन रक्तदान कर मनाया और उसी रक्त से आज एक लाचार व्यक्ति की मदद हो सकी। चंद्रशेखर सिंह उर्फ छोटू सिंह ने भी समय पर सूचना देकर मानवता का परिचय दिया।”
मानवता के इस कार्य की हो रही सराहना।
रक्तदान के जरिए जरूरतमंद की मदद किए जाने की जानकारी मिलने के बाद गांव में ज्ञानेंद्र पांडे ‘ज्ञानी जी’, बरकत अली और चंद्रशेखर सिंह के प्रयासों की सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि ऐसे मानवीय प्रयास समाज में भाईचारे और इंसानियत की भावना को मजबूत करते हैं।
