गौतमबुद्धनगर: लूट की झूठी कहानी रचकर कैश हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार, 3.88 लाख रुपये और कार बरामद!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-2 पुलिस ने लूट की झूठी सूचना देकर कैश हड़पने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3,88,700 रुपये की नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई कार संख्या यूपी 16 एफआर 9983 बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुनीत कुमार वशिष्ठ पुत्र महेश कुमार वशिष्ठ, निवासी फ्लैट नंबर 407, अल्फा-1, थाना बीटा-2, ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है। आरोपी को 20 अगस्त 2026 को थाना क्षेत्र के महानंदन टी-पाइंट के पास से गिरफ्तार किया गया।
बैंक में जमा करने के बजाय कैश पर बिगड़ी नीयत
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ब्लिंकिट स्टोर से डिस्ट्रीब्यूटर वैष्णवी इंटरप्राइजेज के कैश कलेक्शन को बैंक में जमा कराने का काम करता था। 18 अगस्त को आरोपी ने पूर्वांचल रॉयल सिटी से 3,88,700 रुपये का कैश कलेक्ट किया था। उसे यह रकम बैंक में जमा करनी थी, लेकिन रास्ते में उसकी नीयत बदल गई।
आरोपी ने रकम बैंक में जमा करने के बजाय अपने पास रख ली और बाद में रुपये हड़पने के उद्देश्य से लूट की झूठी सूचना पुलिस को दे दी। इस सूचना के आधार पर थाना बीटा-2 में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस जांच में खुली झूठी लूट की कहानी
जांच के दौरान पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों, परिस्थितियों और आरोपी की गतिविधियों की पड़ताल की। जांच आगे बढ़ने पर लूट की कहानी संदिग्ध पाई गई और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पूरी रकम बरामद कर ली।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ थाना बीटा-2 में मु0अ0सं0 319/2026, धारा 316(2)/317(2)/240 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
बरामदगी
- 3,88,700 रुपये नकद
- घटना में प्रयुक्त कार यूपी 16 एफआर 9983
पुलिस की कार्रवाई से स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने कैश को बैंक में जमा कराने के बजाय रकम हड़पने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी। पुलिस अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।।
