गुरुवार, 20 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-126 को मिलेगी आधुनिक मॉडल रोड की सौगात, ₹2.83 करोड़ से होगा कायाकल्प!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-126 को मिलेगी आधुनिक मॉडल रोड की सौगात, ₹2.83 करोड़ से होगा कायाकल्प!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। सेक्टर-126 को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक यातायात सुविधाओं से लैस करने की दिशा में नोएडा प्राधिकरण ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रमुख संस्थागत क्षेत्र के रूप में विकसित सेक्टर-126 में प्राधिकरण द्वारा करीब ₹2.83 करोड़ की लागत से 450 मीटर लंबी और 30 मीटर चौड़ी सड़क को आधुनिक मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र की यातायात व्यवस्था के साथ-साथ इसके सौंदर्यीकरण को भी नया स्वरूप देगी।

नोएडा प्राधिकरण के सीईओ के निर्देशों के अनुपालन में कराए जा रहे इस विकास कार्य का उद्देश्य सेक्टर में आवागमन को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है। सेक्टर-126 में विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थागत इकाइयों और विद्यालयों का संचालन होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। ऐसे में मॉडल रोड के निर्माण से स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अन्य आगंतुकों को बेहतर यातायात सुविधा मिलने की उम्मीद है।

प्राधिकरण द्वारा ₹283.23 लाख की लागत से करीब 450 मीटर लंबी सड़क को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। मॉडल रोड के दोनों ओर व्यवस्थित फुटपाथ और नालियों का निर्माण किया जाएगा, जिससे पैदल यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ सड़क के जल निकासी तंत्र को भी बेहतर बनाया जा सके।

फुटपाथ के सौंदर्यीकरण और पैदल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसमें ग्रेनाइट स्टोन और टैक्टाइल टाइल्स लगाए जाने का प्रावधान किया गया है। टैक्टाइल टाइल्स विशेष रूप से दृष्टिबाधित एवं दिव्यांगजनों के लिए पैदल आवागमन को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने में सहायक होंगी। इससे मॉडल रोड को आधुनिक और समावेशी स्वरूप मिलेगा।

मॉडल रोड के निर्माण से सड़क किनारे की व्यवस्थाएं अधिक सुव्यवस्थित होने के साथ ही पैदल और वाहनों के आवागमन को बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी। वहीं, सड़क के सौंदर्यीकरण से सेक्टर-126 के प्रमुख संस्थागत क्षेत्र की समग्र छवि में भी सुधार होगा।

नोएडा प्राधिकरण की इस पहल से सेक्टर-126 में बेहतर सड़क, व्यवस्थित फुटपाथ, प्रभावी जल निकासी और आधुनिक सौंदर्यीकरण जैसी सुविधाएं विकसित होंगी। विकास कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में आवागमन अधिक सुविधाजनक होने के साथ ही सेक्टर-126 को शहर की आधुनिक और आकर्षक सड़कों में शामिल करने की दिशा में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण साबित होगी।।