गौतमबुद्धनगर: सलारपुर में गांजा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 2.10 किलो अवैध गांजे के साथ युवक गिरफ्तार!!
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-39 नोएडा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। आरोपी को रामलीला ग्राउंड के गेट नंबर-6 के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को थाना सेक्टर-39 पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और मादक पदार्थों की बिक्री पर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक अवैध गांजे की बिक्री के लिए रामलीला ग्राउंड के आसपास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव चौहान पुत्र सूरज चौहान, उम्र करीब 23 वर्ष, निवासी ग्राम रूधान, थाना इस्लामनगर, जिला बदायूं, हाल निवासी चांद मस्जिद के पास किराये का मकान, सलारपुर, थाना सेक्टर-39, नोएडा के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना सेक्टर-39 में मु0अ0सं0 413/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट तथा मु0अ0सं0 391/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद 2 किलो 100 ग्राम अवैध गांजे को कब्जे में लेकर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लाता था और इसे किन लोगों को बेचता था।।
