रविवार, 23 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: बच्चों को सोशल मीडिया की लत से बचाने के लिए 15 साल तक उम्र सीमा तय हो: डॉ. विपिन गुप्ता

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: बच्चों को सोशल मीडिया की लत से बचाने के लिए 15 साल तक उम्र सीमा तय हो: डॉ. विपिन गुप्ता

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

कार में आग या पानी भरने जैसी आपात स्थिति में ग्राहकों को जानकारी देना शोरूम के लिए हो अनिवार्य, ग्राहक पंचायत चलाएगी जागरूकता अभियान

दो टूक//नोएडा। बच्चों को सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव से बचाने और वाहन सुरक्षा के प्रति ग्राहकों को जागरूक करने की दिशा में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने महत्वपूर्ण पहल की है। संगठन ने मांग की है कि यूरोपीय देशों की तर्ज पर भारत में भी 15 वर्ष तक के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर पाबंदी लगाने के लिए कानून बनाया जाए। बच्चों को मोबाइल फोन का इस्तेमाल केवल शिक्षा और आवश्यक कार्यों तक सीमित रखने की व्यवस्था हो तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 15 वर्ष तक के बच्चों के अकाउंट प्रतिबंधित किए जाएं।

इस संबंध में भारत सरकार को पत्र भी भेजा गया है। संगठन को उम्मीद है कि सरकार आने वाले समय में इस दिशा में कानून बनाने पर गंभीरता से विचार करेगी।

यह बात अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत मेरठ प्रांत के अध्यक्ष डॉ. विपिन गुप्ता ने रविवार को नोएडा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। वह अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की नोएडा महानगर कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे।

डॉ. विपिन गुप्ता ने कहा कि कम उम्र के बच्चों में मोबाइल और सोशल मीडिया का बढ़ता इस्तेमाल चिंता का विषय है। बच्चों की पढ़ाई, मानसिक विकास और सामाजिक व्यवहार पर इसके प्रभाव को देखते हुए इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि तकनीक से बच्चों को पूरी तरह दूर करना समाधान नहीं है, लेकिन मोबाइल और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को उम्र के अनुसार नियंत्रित किया जाना आवश्यक है।

कार में आग लगे या पानी में फंसे तो क्या करें, ग्राहकों को बताना होगा

डॉ. विपिन गुप्ता ने वाहन सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि मोटर कंपनियां शोरूम में ग्राहकों को कार के सुरक्षा फीचर्स और तकनीकी खूबियों की जानकारी देती हैं, लेकिन अक्सर यह नहीं बताया जाता कि कार के पानी में फंसने, अचानक आग लगने अथवा सेंट्रल लॉक जाम होने जैसी आपात स्थिति में चालक और यात्रियों को क्या करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में कुछ सेकंड भी बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए कार कंपनियों के शोरूम में वाहन की बिक्री के समय ग्राहकों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की पूरी जानकारी देना अनिवार्य किया जाना चाहिए।

इस मुद्दे को लेकर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत जल्द ही विशेष जागरूकता अभियान चलाएगी। संगठन का उद्देश्य वाहन मालिकों और ग्राहकों को उनके सुरक्षा अधिकारों एवं आपात स्थिति में उठाए जाने वाले जरूरी कदमों के प्रति जागरूक करना है।

मुखिया अजय यादव को मिली मेरठ प्रांत में अहम जिम्मेदारी

बैठक के दौरान संगठन की ओर से सेक्टर-112 निवासी मुखिया अजय यादव को अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के मेरठ प्रांत में रोजगार सह प्रमुख बनाए जाने की घोषणा भी की गई।

मुखिया अजय यादव लंबे समय से सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। लोगों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के साथ-साथ संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई जिम्मेदारी के तहत उनसे युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने तथा रोजगार से संबंधित संगठन की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की उम्मीद है।

संगठन के पदाधिकारियों ने मुखिया अजय यादव को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि वह अपनी सक्रियता एवं अनुभव के माध्यम से संगठन के रोजगार संबंधी अभियानों को और मजबूत करेंगे।

पदाधिकारियों को सौंपे गए दायित्व

कार्यक्रम के दौरान प्रांत संगठन मंत्री नरेंद्र शर्मा, प्रांत संगठन मंत्री लाखन सिंह, प्रांत प्रचार मंत्री पवन त्यागी और महिला आयाम प्रमुख मेरठ प्रांत सुमन जैन ने जिला एवं महानगर के पदाधिकारियों को उनके दायित्व सौंपे।

इस अवसर पर नोएडा महानगर अध्यक्ष अजय पांडे, महानगर उपाध्यक्ष अरुण कुमार एवं ज्ञानेन्द्र, सचिव जितेंद्र श्रीवास्तव, सहसचिव आदित्य नारायण सिंह, प्रभाकर झा, कोषाध्यक्ष अमरजीत यादव, मीडिया प्रभारी आकाश कुमार, मुखिया अरुण यादव, मुखिया अमित यादव सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक में उपभोक्ता अधिकारों, बच्चों की सुरक्षा, वाहन सुरक्षा, रोजगार और आम लोगों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाने तथा सामाजिक जागरूकता अभियानों को गति देने पर जोर दिया गया।।