मऊ :
दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार भेजा गया जेल।।
।।देवेन्द्र कुमार कुशवाहा।।
दो टूक : जनपद मऊ में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानीपुर थाना पुलिस को एक और सफलता मिली है। दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
विस्तार :
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार तथा क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद शीतला प्रसाद पाण्डेय के पर्यवेक्षण में रानीपुर थाना पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
इसी क्रम में शुक्रवार को क्षेत्र में चेकिंग एवं गश्त के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि वांछित आरोपी भवनपुरा गांव से चिरैयाकोट मुख्य मार्ग की ओर आने वाली इंटरलॉकिंग सड़क पर मौजूद है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर पवन प्रताप (25 वर्ष) पुत्र शिवकुमार उर्फ भंटू, निवासी ग्राम फतेहपुर, थाना रानीपुर, जनपद मऊ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी थाना रानीपुर में दर्ज एक दुष्कर्म से संबंधित मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69, 87 एवं 352 के तहत वांछित था। आरोपी की गिरफ्तारी शुक्रवार को लगभग 11:20 बजे की गई।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी करते हुए आरोपी का चालान न्यायालय भेज दिया। पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
— दो टूक मीडिया
