मऊ :
पुलिस लाइन मऊ में अग्निशमन केंद्र के नए भवनों का हुआ भूमिपूजन, आधुनिक सुविधाओं से सुदृढ़ होंगी सेवाएं।
।।देवेन्द्र कुमार कुशवाहा।।
दो टूक : जनपद मऊ के पुलिस लाइन परिसर में अग्निशमन केंद्र की 04 यूनिट (जी+9) के आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निर्माण कार्य का शुभारंभ विधि-विधानपूर्वक भूमिपूजन के साथ किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए इसे पुलिस एवं अग्निशमन विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
भूमिपूजन के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने निर्माणदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भवन निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए, ताकि अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शीघ्र बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि नए आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निर्माण से पुलिस एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को आधुनिक एवं सुविधाजनक कार्य वातावरण मिलेगा। साथ ही अग्निशमन केंद्र की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी, जिससे आगजनी जैसी आपात स्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सकेगा।
इस अवसर पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी के. वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने निर्माण कार्य के सफल एवं समयबद्ध पूर्ण होने की कामना की।
