लखनऊ :
कैंसर संस्थान के डॉ. प्रमोद गुप्ता को एशिया की प्रतिष्ठित FARO समिति में मिली जगह, बढ़ा प्रदेश का गौरव।
दो टूक : राजधानी लखनऊ स्थित कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान के लिए गर्व की बात है। संस्थान के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग के एडिशनल प्रोफेसर एवं डीन डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता को फेडरेशन ऑफ एशियन ऑर्गेनाइजेशन्स फॉर रेडिएशन ऑन्कोलॉजी (FARO) की पब्लिक रिलेशंस कमेटी का सदस्य नामित किया गया है। यह उपलब्धि न केवल संस्थान बल्कि उत्तर प्रदेश और देश के चिकित्सा जगत के लिए भी सम्मान की बात मानी जा रही है।
विस्तार :
कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान के प्रवक्ता डाँ० वरुण विजय ने बताया कि FARO एशिया के विभिन्न देशों के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञों का एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जो कैंसर उपचार के क्षेत्र में अनुसंधान, शिक्षा, वैज्ञानिक सहयोग और जनजागरूकता को बढ़ावा देने का कार्य करता है। इस संगठन की पब्लिक रिलेशंस कमेटी में भारत से केवल दो विशेषज्ञों को स्थान मिला है। इनमें कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान, लखनऊ के डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता तथा एम्स भोपाल के डॉ. सैकत दास शामिल हैं।
इस नियुक्ति को भारतीय रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय विशेषज्ञों की भागीदारी और सहयोग को नई मजबूती मिलेगी, साथ ही कैंसर उपचार और जनजागरूकता से जुड़े प्रयासों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट सहित सभी चिकित्सकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. गुप्ता के अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मिलेगा तथा इससे संस्थान की प्रतिष्ठा और अधिक बढ़ेगी।
