रविवार, 5 जुलाई 2026

मऊ: चिकन की दुकान की आड़ में अवैध हथियारों का कारोबार,हुआ गिरफ्तार।||Mau: Illegal arms trade under the guise of a chicken shop, arrested.||

शेयर करें:
मऊ: 
चिकन की दुकान की आड़ में अवैध हथियारों का कारोबार,हुआ गिरफ्तार।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के सरायलखंसी थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चिकन की दुकान की आड़ में अवैध हथियारों की बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक प्रतिबंधित 9 एमएम रिवॉल्वर बरामद किया है।
विस्तार : 
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना सरायलखंसी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पिपरीडीह बाजार में एक चिकन विक्रेता अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करता है। सूचना के आधार पर 4 जुलाई 2026 की शाम पुलिस ने आरोपी की दुकान पर दबिश दी।
दबिश के दौरान पुलिस ने मैनुद्दीन सिद्दीकी (36 वर्ष) पुत्र मोहम्मद यासिन, निवासी खरगजेपुर, पिपरीडीह बाजार, थाना सरायलखंसी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान दुकान के अंदर टीन शेड में तिरपाल के भीतर छिपाए गए झोले से एक अवैध .315 बोर तमंचा व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं करकट और लोहे की पाइप के बीच छिपाकर रखा गया एक प्रतिबंधित 9 एमएम रिवॉल्वर भी पुलिस ने बरामद किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चिकन बेचने से पर्याप्त आमदनी नहीं हो रही थी, इसलिए वह अधिक मुनाफे के लिए अवैध हथियार ऊंचे दामों पर बेचने का काम करने लगा। उसे विश्वास था कि चिकन की दुकान की आड़ में किसी को उस पर शक नहीं होगा, लेकिन पुलिस की कार्रवाई में उसका राज खुल गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सरायलखंसी में मु0अ0सं0 227/2026 के तहत धारा 3/7/25 आयुध अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया।
बरामदगी
एक अवैध तमंचा .315 बोर
एक जिंदा कारतूस .315 बोर
एक प्रतिबंधित 9 एमएम रिवॉल्वर