मऊ :
रविवार को भी खुला परिवहन कार्यालय, 40 स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच; 2 वाहन मिले अनफिट।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद मे स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को भी परिवहन विभाग ने सामान्य कार्यदिवस की तरह कार्यालय खोलकर स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच की। परिवहन कार्यालय परिसर में कुल 40 स्कूली वाहनों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान 38 वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप फिट पाए गए, जिन्हें फिटनेस प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया। वहीं 2 वाहन अनफिट पाए जाने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई और उन्हें फिटनेस प्रमाणपत्र जारी नहीं किया गया।
यह अभियान परिवहन विभाग मऊ के सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी सुहेल अहमद के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान प्रधान सहायक तारा सिंह चौहान, प्रवर्तन पर्यवेक्षक जन्मेजय यादव, प्रवर्तन सिपाही अनुप कुमार तथा प्रवर्तन सिपाही श्री दुर्गविजय यादव मौजूद रहे और स्कूली वाहनों की तकनीकी जांच एवं फिटनेस प्रक्रिया में सहयोग किया।
परिवहन विभाग ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से वाहनों की नियमित फिटनेस जांच की जा रही है, ताकि केवल सुरक्षित और मानक अनुरूप वाहन ही विद्यार्थियों के परिवहन में उपयोग किए जा सकें।
