मऊ :
घोसी साइबर पुलिस ने ठगी के ₹65 हजार पीडित को कराया वापस।।
दो टूक : मऊ जनपद के थाना घोसी की साइबर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति के 65,000 रुपये सफलतापूर्वक वापस कराकर सराहनीय कार्य किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जनजागरूकता अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी घोसी एवं थानाध्यक्ष घोसी के नेतृत्व में कार्यरत साइबर टीम ने यह सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार, निजामुद्दीन अहमद, निवासी पट्टी मुहम्मदपुर, थाना घोसी, जनपद मऊ, को एक अज्ञात व्यक्ति ने वीजा बनवाने का झांसा देकर 65,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी का शिकार बना लिया। घटना के बाद पीड़ित ने बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन एवं पुलिस से शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही थाना घोसी की साइबर टीम ने तत्काल तकनीकी कार्रवाई शुरू की और संबंधित बैंकिंग माध्यमों से समन्वय स्थापित कर पीड़ित के खाते से ठगी गई पूरी 65,000 रुपये की राशि वापस करवा दी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में आकर ऑनलाइन लेनदेन न करें। यदि साइबर ठगी का शिकार हों, तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in� पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से धनराशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
घोसी साइबर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
