गौतमबुद्धनगर: 20 लाख रुपये के प्रतिबंधित हाथी दांत के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बिसरख पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई से वन्यजीव तस्करी का बड़ा नेटवर्क बेनकाब होने के संकेत!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना बिसरख पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित हाथी दांत की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.450 किलोग्राम वजनी प्रतिबंधित हाथी दांत बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई को वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर थाना बिसरख पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने न्यू हैबतपुर कब्रिस्तान के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1450 ग्राम वजनी प्रतिबंधित हाथी दांत बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेन्द्र पुत्र चन्द्रपाल निवासी ग्राम रिवाड़ा, थाना जहांगीराबाद, जनपद बुलंदशहर (वर्तमान निवासी ग्राम भराई, थाना बहादुरगढ़, हरियाणा) तथा संदीप पुत्र हरीमंगल निवासी ग्राम मुडियार, थाना रुधौली, जनपद बस्ती (वर्तमान निवासी खोड़ा कॉलोनी, थाना खोड़ा, गाजियाबाद) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हाथी दांत कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस तस्करी के पीछे सक्रिय गिरोह और उसके अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़े वन्यजीव तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।
इस मामले में थाना बिसरख पर मु0अ0सं0 444/2026 के तहत वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं 44, 48ए, 49बी, 39, 50 एवं 51 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वन्यजीवों के अंगों की अवैध तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस तरह की गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त कार्रवाई से न केवल प्रतिबंधित हाथी दांत की तस्करी पर बड़ा प्रहार हुआ है, बल्कि वन्यजीव अपराध से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ जांच भी तेज कर दी गई है।
