लखनऊ :
सर्वर ठप होने से समितियों पर नहीं मिल पा रही यूरिया,किसान परेशान।
फॉर्मर रजिस्ट्री अपडेट न होने से खाद वितरण प्रभावित।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में साधन सहकारी समितियों पर यूरिया खाद उपलब्ध होने के बावजूद सर्वर ठप होने से किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। पिछले तीन दिनों से फॉर्मर रजिस्ट्री अपडेट न होने के कारण खाद वितरण पूरी तरह प्रभावित है। धान की फसल के लिए यह समय बेहद महत्वपूर्ण होने से किसान परेशान हैं और जल्द वैकल्पिक व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
विस्तार :
लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र की निगोहां, बैरिसालपुर, लालपुर, रघुनाथखेड़ा और गौतमखेड़ा स्थित साधन सहकारी समितियों पर यूरिया खाद का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, लेकिन तकनीकी समस्या के चलते किसानों को खाद का वितरण नहीं हो पा रहा है। बैरिसालपुर समिति के सलमान ने बताया कि पिछले तीन दिनों से सर्वर बंद है, जिसके कारण किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री अपडेट नहीं हो पा रही और वितरण कार्य पूरी तरह ठप है।
किसान कृपा शंकर, सुरेंद्र दीक्षित और महादेव दीक्षित ने बताया कि धान की फसल में इस समय यूरिया की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। यदि समय पर खाद उपलब्ध नहीं हुई तो फसल की बढ़वार प्रभावित होने के साथ उत्पादन पर भी असर पड़ सकता है। किसानों ने संबंधित अधिकारियों से सर्वर की समस्या का तत्काल समाधान कराने अथवा वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से खाद वितरण शुरू कराने की मांग की है।
सिसेंडी समिति का भवन जर्जर, भाकियू ने दी आंदोलन की चेतावनी
सिसेंडी साधन सहकारी समिति का जर्जर भवन भी किसानों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। किसान क्रांति संगठन के जिला प्रभारी अशोक यादव ने बताया कि समिति भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है और छत से लगातार पानी टपक रहा है। इससे खाद के सुरक्षित भंडारण, कर्मचारियों के कार्य और किसानों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समिति भवन की शीघ्र मरम्मत नहीं कराई गई तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा। किसानों ने प्रशासन से दोनों समस्याओं का तत्काल समाधान कर किसानों को राहत दिलाने की मांग की है।
