गुरुवार, 23 जुलाई 2026

लखनऊ : बर्थ-डे हर्ष फायरिंग कांड में दो और आरोपी गिरफ्तार,भेजे गए जेल, हथियार अब भी पुलिस की पकड़ से दूर।Lucknow: Two more accused arrested and sent to jail in the birthday celebratory firing case, but the weapons remain out of police custody.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
बर्थ-डे हर्ष फायरिंग कांड में दो और आरोपी गिरफ्तार,भेजे गए जेल, हथियार अब भी पुलिस की पकड़ से दूर।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज स्थित स्पैरो रिजॉर्ट में जन्मदिन पार्टी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग मामले में पुलिस ने बुधवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। हालांकि घटना के 72 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस फायरिंग में प्रयुक्त असलहा बरामद नहीं कर सकी है।
विस्तार :
एडीसीपी दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने बताया कि रविवार रात मोहनलालगंज के मदाखेड़ा मार्ग स्थित स्पैरो रिजॉर्ट में लखनऊ के लालबाग निवासी गौरव शर्मा की जन्मदिन पार्टी आयोजित की गई थी। पार्टी में करीब 40 लोग शामिल हुए थे, जिनमें कुछ लोगों ने शराब का सेवन भी किया था। डीजे पर डांस के दौरान कई राउंड हर्ष फायरिंग की गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
रिजॉर्ट कर्मचारी जितेंद्र सिंह निवासी सतौहा, जनपद सीतापुर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की, जिसमें हर्ष फायरिंग की पुष्टि हुई। कर्मचारी की तहरीर पर पार्टी आयोजक गौरव शर्मा, रिजॉर्ट संचालक आशीष तिवारी उर्फ रिंकू तथा अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा, 7 सीएलए एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह के नेतृत्व में कई पुलिस टीमें, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम को लगाया गया। बुधवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक यशवंत सिंह व उपनिरीक्षक सौरभ सिंह ने पुलिस टीम के साथ अभिषेक सिंह यादव निवासी हाटा दुर्गा प्रसाद, मसकगंज थाना वजीरगंज तथा प्रभाकर सिंह निवासी पटेलनगर, थाना सुशांत गोल्फ सिटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस इससे पहले मुख्य आयोजक गौरव शर्मा को भी गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, घटना के 72 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद हर्ष फायरिंग में प्रयुक्त असलहा बरामद न होना पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहा है।