लखनऊ :
ट्रेलर की टक्कर से घायल आटो चालक की इलाज के दौरान मौत।
दो टूक : लखनऊ के निगोहां कस्बे में बीते शुक्रवार की ट्रेलर व आटो की टक्कर में घायल चालक की लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार की सुबह मौत हो गयी।पोस्टमार्टम के बाद मृतक चालक का शव रविवार को घर पहुंचा तो कोहराम मच गया।मृतक चालक के बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने दुर्घटना करने वाले ट्रेलर व चालक के विरुद्व मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के बैरीसालपुर गांव निवासी विकास चौरसिया ने बताया शुक्रवार की रात साढे नौ बजे के करीब उसका छोटे भाई विशाल चौरसिया (36वर्ष) निगोहां कस्बे में स्थित स्टेशन के पास अपने आटो से सवारी छोड़ने के बाद अपने साथी बबलू के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान स्टेशन मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने ऑटो में सामने से जोरदार टक्कर मार दी जिसके बाद आटो ट्रेलर के अगले हिस्से में फसकर घसीटता हुआ सौ मीटर तक चला गया।जिसके बाद गम्भीर रूप से घायल चालक व उसके साथी को पुलिस से सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिजन इलाज के लिये लखनऊ के एक निजी अस्पताल में लेकर गये।जहां भर्ती कर इलाज के दौरान चालक विशाल ने दम तोड़ दिया।सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पीएम के लिये भेजा।पीएम के बाद मृतक चालक का शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया।मृतक के परिवार में पत्नी अनीसा व दो मासूम बेटे अथर्व व समर्थ है।
