लखनऊ :
पड़ोसी ने महिला को जंगल में ले जाकर जबरन किया दुष्कर्म,केस दर्ज।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने पड़ोसी युवक पर जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए स्थानीय थाने मे लिखित शिकायत की है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कोतवाली मोहनलालगंज इलाके की रहने वाली पीड़िता के अनुसार बीते शनिवार देर रात वह अपने पति के साथ मकान की छत पर सो रही थी। करीब साढ़े 11 बजे प्यास लगने पर वह पानी पीने के लिए छत से नीचे उतरी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी अजय ने पीछे से आकर उसका मुंह दबा दिया और जबरन घर के पास स्थित जंगल की ओर ले गया। वहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। महिला का आरोप है कि घटना के दौरान वह बेहोश हो गई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।होश आने पर महिला किसी तरह घर पहुंची और अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों कोतवाली पहुंचे और पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपी की तलाश कर रही है।
