लखनऊ :
जुआ विवाद में दबंगो ने मजदूर को पीट-पीटकर किया मरणासन्न।
दो टूक : लखनऊ के मोहनलालगंज में दबंगो ने साथियो के साथ मिलकर मजदूर की पिटाई कर मरणासन्न होने पर रेलवे ट्रैक के अडंरपास पर फेका,पीड़ित का आरोप शिकायत के 24 घंटे बाद भी पुलिस ने नही दर्ज किया मुकदमा
विस्तार :
जानकारी के अनुसार कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र के अतरौली गांव में जुए के फड़ पर हुए विवाद की रंजिश में दबंगों ने एक मजदूर पर जानलेवा हमला कर उसे मरणासन्न हालत में रेलवे अंडरपास के पास फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल मजदूर ने उपचार के बाद पुलिस को नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मुकदमा दर्ज न होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।
मोहनलालगंज क्षेत्र के अतरौली गांव निवासी मजदूर भल्लू के अनुसार तीन दिन पहले गांव में टावर के पास लगने वाले जुए के फड़ पर पैसों के लेन-देन को लेकर शनि, पद्दी निवासी अतरौली तथा पुच्ची निवासी भोलाखेड़ा से विवाद हुआ था। आरोप है कि उस दौरान आरोपियों ने उसकी जेब में रखे ढाई हजार रुपये भी निकाल लिए थे।पीड़ित ने बताया कि शनिवार शाम करीब चार बजे वह अपने साथी कुलदीप निवासी भोलाखेड़ा के साथ बाइक से निजी कार्य से जा रहा था। इसी दौरान गांव के बाहर रेलवे अंडरपास के पास पहले से घात लगाए बैठे शनि, पद्दी, पुच्ची और उनके आधा दर्जन अज्ञात साथियों ने उसकी बाइक रोक ली। जान बचाने के लिए मौके से भागने का प्रयास करने पर आरोपियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों तथा लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर मरणासन्न हालत में रेलवे अंडरपास के पास फेंककर फरार हो गए।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने मजदूर को खून से लथपथ हालत में अडंरपास के पास पड़ा तड़पता देखा और उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ।
पीड़ित का आरोप है कि उपचार के बाद शाम को परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचा और नामजद तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बजाय केवल जांच का आश्वासन देकर लौटा दिया। घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने से पीड़ित परिवार में नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो आरोपियों के हौसले नहीं बढ़ते।इस संबंध में इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि युवक के साथ मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। मामले की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
