रविवार, 26 जुलाई 2026

लखनऊ :अमौसी एयरपोर्ट पर बम की सूचना से मचा हड़कंप,नशेड़ी गिरफ्तार।||Lucknow:A bomb threat at Amausi Airport caused a stir, and a drug addict was arrested.||

शेयर करें:
लखनऊ :
अमौसी एयरपोर्ट पर बम की सूचना से मचा हड़कंप,नशेड़ी गिरफ्तार।
दो टूक : अमौसी एयरपोर्ट पर बम की झूठी सूचना देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।  शराब के नशे में डायल 112 पर फर्जी कॉल कर सूचना दी थी।
विस्तार :
राजधानी लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर बम होने की झूठी सूचना देकर सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मचाने वाले एक व्यक्ति को सरोजनीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने शराब के नशे में डायल-112 पर कॉल कर एयरपोर्ट पर बम होने की फर्जी सूचना दी थी। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में बम निरोधक दस्ते (BDDS) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
पुलिस के मुताबिक, 24 जुलाई की रात करीब 11:45 बजे डायल-112 के माध्यम से अमौसी एयरपोर्ट पर बम होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस हरकत में आ गईं तथा पूरे एयरपोर्ट परिसर की सघन जांच की गई। जांच में सूचना पूरी तरह भ्रामक पाई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरोजनीनगर पुलिस ने सर्विलांस की सहायता से कॉल करने वाले की पहचान की। जांच में आरोपी की पहचान श्याम सुंदर (35 वर्ष) निवासी जयसिंहपुर, थाना बिधनू, जनपद कानपुर के रूप में हुई। पुलिस ने रविवार को किसानपथ स्थित दरोगाखेड़ा क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शराब पीने का आदी है और नशे की हालत में उसने बिना सोचे-समझे बम होने की झूठी सूचना दे दी थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी चमड़ा फैक्ट्री में मजदूरी करता है और 11वीं तक शिक्षित है। उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने लोगों से अपील की है कि डायल-112 अथवा अन्य आपातकालीन सेवाओं पर झूठी या भ्रामक सूचना देने से बचें। ऐसी हरकतें सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने के साथ-साथ आम जनता में अनावश्यक भय का माहौल पैदा करती हैं और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाती है।