लखनऊ :
बेकाबू थार और तेज रफ्तार पिकअप का कहर, दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोग घायल ।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज और निगोहां थाना क्षेत्रों में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर पर संबंधित वाहनों व चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र के कनकहा नहर के पास गुरुवार शाम तेज रफ्तार और कथित रूप से शराब के नशे में धुत थार चालक ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो सगे भाई अमित कुमार और प्रीतम, निवासी कुशभीटा (नगराम), गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित अमित कुमार के अनुसार दोनों भाई बिंदौवा गांव से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। कनकहा गांव के पास पीछे से आई तेज रफ्तार थार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले गए।
इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात थार चालक और वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वाहन के नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।
निगोहां में पिकअप की टक्कर से दो युवक घायल।
दूसरी घटना निगोहां थाना क्षेत्र के सुखनाखेड़ा मोड़ के पास हुई, जहां तेज रफ्तार पिकअप डाला ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अफजल और उसके साथी किशोर स्वास्तिक गंभीर रूप से घायल हो गए।
रईस अहमद निवासी सिसेंडी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका छोटा भाई अफजल बाइक से किशोर स्वास्तिक निवासी मगटईया को उसके घर छोड़ने जा रहा था। रास्ते में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अफजल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, जबकि किशोर का उपचार निजी अस्पताल में कराया जा रहा है।
थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
