बुधवार, 22 जुलाई 2026

लखनऊ : आशियाना पुलिस ने शातिर चेन स्नैचर को दबोचा, छीनी गई सोने की चेन का टुकड़ा बरामद।||Lucknow: Ashiana police arrested a notorious chain snatcher and recovered a piece of the stolen gold chain.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
आशियाना पुलिस ने शातिर चेन स्नैचर को दबोचा, छीनी गई सोने की चेन का टुकड़ा बरामद।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना पुलिस ने चेन स्नैचिंग की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चेन स्नैचर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई सोने की चेन का करीब 1.680 ग्राम वजन का टुकड़ा बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
विस्तार
पुलिस के अनुसार 14 जुलाई 2026 को मानसरोवर योजना निवासी शोभित सरन ने थाना आशियाना में तहरीर दी थी कि 26 जून 2026 की रात करीब 9:47 बजे वह अपनी पत्नी को डॉक्टर को दिखाकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पार्क नंबर-10 के पास बाइक सवार बदमाश उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना आशियाना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 21 जुलाई 2026 की रात रमाबाई अंबेडकर मैदान रैली स्थल रोड से राज रावत (22 वर्ष) निवासी ईश्वरी खेड़ा, रायबरेली रोड, थाना पीजीआई को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने खर्च पूरे करने के लिए रात के समय मोबाइल और चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता था। उसकी निशानदेही पर छीनी गई चेन का टुकड़ा बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) की बढ़ोतरी भी की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध लखनऊ के पीजीआई और सुशांत गोल्फ सिटी समेत विभिन्न थानों में लूट, चोरी और बरामदगी से जुड़े कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। अन्य थानों से भी उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
आशियाना थाना प्रभारी निरीक्षक गजेन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।