बुधवार, 22 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: जेवर में हत्या के प्रयास के चार आरोपी गिरफ्तार, दो तमंचे और कारतूस बरामद; पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जेवर में हत्या के प्रयास के चार आरोपी गिरफ्तार, दो तमंचे और कारतूस बरामद; पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा/जेवर, 22 जुलाई 2026। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना जेवर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में हाल ही में हुई फायरिंग की घटना का खुलासा हो गया है।

पुलिस के अनुसार, थाना जेवर पुलिस ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए छातंगा तिराहे से हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित चार आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झम्मन पुत्र श्याम, भोला उर्फ दिनेश पुत्र लक्खी, विजय उर्फ बिज्जो पुत्र लालचंद तथा विक्रम पुत्र श्याम के रूप में हुई है। सभी आरोपी ग्राम छातंगा कला, थाना जेवर के निवासी हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि 20 जुलाई 2026 को पुराने विवाद के चलते आरोपियों ने वादी के पुत्र के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी थी। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर थाना जेवर में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी झम्मन के कब्जे से एक .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। वहीं भोला उर्फ दिनेश के पास से भी एक .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। दोनों अन्य आरोपियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।