लखनऊ :
ओमेक्स सिटी मे चोरी करने वाले शातिर चोर गिरफ्तार,चोरी का सामान बरामद।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना पुलिस ने ओमेक्स सिटी में बंद मकान का ताला तोड़कर हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की लेडीज रागा टाइटन घड़ी, नकदी और भारतीय व विदेशी सिक्के बरामद किए हैं। मामले में फरार दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
विस्तार :
बिजनौर थाना क्षेत्र ओमेक्स सिटी में 19 जुलाई को हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी सुनील (41) पुत्र अजीत, निवासी ग्राम कठौता, थाना विभूतिखंड को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे औरंगाबाद अंडरपास से न्यू गुडौरा जाने वाली शहीद पथ सर्विस रोड से बुधवार कझ भोर में दबोचा लिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता गर्विता सिंह की तहरीर पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के अनावरण के लिए गठित दो पुलिस टीमों ने 40 से 50 सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण कर आरोपी तक पहुंच बनाई।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी शंकर के साथ मिलकर बंद मकान का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी की थी। चोरी का सामान दोनों ने आपस में बांट लिया था और आरोपी उसे बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी में शामिल हैं:
रागा टाइटन कंपनी की एक लेडीज गोल्डन घड़ी,₹3,036 नकद, पांच भारतीय एवं विदेशी सिक्के, है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी रात के समय बंद मकानों की रेकी कर ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। उसके विरुद्ध पहले भी गाजीपुर थाना क्षेत्र में चोरी और माल बरामदगी के कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी शंकर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।
