गुरुवार, 23 जुलाई 2026

लखनऊ : स्कूटर इंडिया चौराहे पर ई-रिक्शा चालकों का उत्पात, बाइक सवार समेत तीन भाइयों पर हमला FIR दर्ज।।||Lucknow: E-rickshaw drivers created a ruckus at Scooter India intersection, attacked three brothers and a bike rider, and an FIR was registered.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
स्कूटर इंडिया चौराहे पर ई-रिक्शा चालकों का उत्पात, बाइक सवार समेत तीन भाइयों पर हमला FIR दर्ज।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना सरोजनीनगर क्षेत्र स्कूटर इंडिया चौराहे पर बुधवार सुबह ई-रिक्शा और ऑटो चालकों द्वारा एक बाइक सवार युवक व उसके भाइयों की कथित तौर पर लाठी-डंडों और रिंच से पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मुख्य मार्ग पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने पहुंचाया, जिसके बाद सरोजनीनगर पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार : 
पीड़ित विकास यादव निवासी मक्काखेड़ा, गहरू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भाई अजय यादव 22 जुलाई की सुबह बाइक से बिजनौर जा रहा था। आरोप है कि स्कूटर इंडिया चौराहे पर सवारी बैठाने के लिए खड़े ई-रिक्शा चालकों ने उसकी बाइक रोक दी। विरोध करने पर अरुण, विशाल और शिवम निवासी नटकुर सहित अन्य लोगों ने मिलकर डंडे, रॉड और रिंच से हमला कर दिया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे अजय के भाई अभिषेक और संस्कार को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। हमले में अजय के सिर और चेहरे पर तथा अभिषेक व संस्कार के सिर में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूटर इंडिया चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की नियमित मौजूदगी नहीं रहने से ई-रिक्शा व ऑटो चालकों के बीच अक्सर अव्यवस्था और विवाद की स्थिति बनी रहती है, जिससे राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।
थाना सरोजनी नगर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।