लखनऊ :
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट पर चोरों की नजर, ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम के लाखों के उपकरण चोरी।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत संचालित इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) को चोरों ने निशाना बना लिया। इसकी बानगी थाना सरोजनीनगर क्षेत्र के अमौसी वीआईपी तिराहा जंक्शन और शहीद पथ-कानपुर मोड़ जंक्शन पर लगे ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम से लाखों रुपये कीमत के महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में प्रोजेक्ट एडमिन की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
आईटीएमएस प्रोजेक्ट के प्रोजेक्ट एडमिन शोभित कुमार ने थाना सरोजनीनगर में दी गई तहरीर के अनुसार स्थानीय क्षेत्र अमौसी वीआईपी तिराहे पर 2 जुलाई 2026 की सुबह करीब 3:30 बजे तथा शहीद पथ-कानपुर मोड़ जंक्शन पर 23 जून 2026 की सुबह करीब 9:51 बजे अज्ञात व्यक्ति ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम में लगे उपकरण चोरी कर ले गए। चोरी से परियोजना को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और इससे यातायात प्रबंधन व्यवस्था भी प्रभावित होने की आशंका है। पुलिस से अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर चोरी हुए उपकरणों की बरामदगी और नुकसान की भरपाई सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार, अमौसी वीआईपी तिराहे से 65AH एक्साइड बैटरी, 1 केवीए यूपीएस कंसोल और मोक्सा स्विच समेत करीब 94,090 रुपये के उपकरण चोरी हुए हैं। वहीं शहीद पथ-कानपुर मोड़ जंक्शन से बैटरियां, 3 केवीए यूपीएस, तीन मोक्सा स्विच, जेनिटल एम्प्लीफायर और एटीसीएस एलपीयू सहित लगभग 4.73 लाख रुपये मूल्य के उपकरण गायब मिले।
थाना सरोजनी नगर पुलिस ने मिली तहरीर के अनुसार अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर घटनास्थलों के आस-पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
