सोमवार, 20 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 17 सब-इंस्पेक्टरों के तबादले, संवेदनशील चौकियों और थानों की कमान बदली!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 17 सब-इंस्पेक्टरों के तबादले, संवेदनशील चौकियों और थानों की कमान बदली!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, अपराध नियंत्रण को मजबूत करने तथा यातायात एवं आमजन की सुरक्षा को बेहतर करने के उद्देश्य से नोएडा पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर 17 उप निरीक्षकों (सब-इंस्पेक्टर) के तबादले किए गए हैं। इस फेरबदल के तहत शहर की कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील चौकियों एवं थानों के प्रभारी बदले गए हैं।

पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के अनुसार, सेक्टर-20, सेक्टर-24, सेक्टर-39, सेक्टर-58, सेक्टर-113 और सेक्टर-126 सहित कई अहम थानों के साथ-साथ बोटैनिकल गार्डन, जीआईपी, सेक्टर-60, सेक्टर-127, सेक्टर-129, मोरना, बरौला, सदरपुर, झुंडपुरा और एनआईबी जैसी महत्वपूर्ण चौकियों पर नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए कार्यस्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि नोएडा लगातार औद्योगिक, व्यावसायिक और आवासीय केंद्र के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है। इसके साथ ही शहर में यातायात का दबाव और सुरक्षा संबंधी चुनौतियां भी बढ़ी हैं। ऐसे में अनुभवी अधिकारियों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात कर पुलिसिंग को अधिक चुस्त, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में यह कदम उठाया गया है।

कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, यह फेरबदल नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा होने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण, त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया, कानून-व्यवस्था की निगरानी और जनता की शिकायतों के प्रभावी निस्तारण को ध्यान में रखकर किया गया है। इससे स्थानीय स्तर पर पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी भी मजबूत होगी।

इन उप निरीक्षकों का हुआ स्थानांतरण

  • सतनाम सिंह – बोटैनिकल गार्डन चौकी से सदरपुर चौकी प्रभारी, थाना सेक्टर-39।
  • योगेश कुमार – सदरपुर चौकी से बोटैनिकल गार्डन चौकी प्रभारी, थाना सेक्टर-39।
  • अभिषेक कुमार – जीआईपी चौकी प्रभारी से कार्यालय प्रथम, नोएडा।
  • सुमित कुमार – थाना सेक्टर-113 से सेक्टर-129 चौकी प्रभारी।
  • अक्षय कुमार – थाना सेक्टर-126 से सेक्टर-60 चौकी प्रभारी।
  • अंजुल कुमार – सेक्टर-129 चौकी प्रभारी से थाना सेक्टर-20।
  • जयदीप मलिक – सेक्टर-60 चौकी प्रभारी से जीआईपी चौकी प्रभारी।
  • अनुज कुमार शर्मा – थाना सेक्टर-126 से सेक्टर-60 चौकी प्रभारी।
  • देवेंद्र सिंह – थाना सेक्टर-58 से एनआईबी चौकी प्रभारी।
  • राहुल कुमार – थाना सेक्टर-20 से झुंडपुरा चौकी प्रभारी।
  • पवन कुमार – झुंडपुरा चौकी प्रभारी से थाना सेक्टर-39।
  • राम मेहर – बरौला चौकी प्रभारी से थाना सेक्टर-20।
  • प्रांशु मलिक – थाना सेक्टर-113 से बरौला चौकी प्रभारी।
  • विपिन कुमार – मोरना चौकी प्रभारी से थाना सेक्टर-58।
  • अजीत प्रताप सिंह – वरिष्ठ उप निरीक्षक, थाना सेक्टर-24 से मोरना चौकी प्रभारी।
  • अजीत कुमार सिंह – सेक्टर-127 चौकी प्रभारी से थाना सेक्टर-39।
  • अरविंद कुमार सिंह – थाना सेक्टर-39 से सेक्टर-127 चौकी प्रभारी।

इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को नोएडा पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि नए अधिकारियों की तैनाती से संवेदनशील इलाकों में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और आम नागरिकों को बेहतर एवं त्वरित पुलिस सेवाएं मिल सकेंगी।।