लखनऊ :
बर्थडे पार्टी में चली गोलियां मची-अफरा तरफी,मुकदमा दर्ज, चौकी प्रभारी निलम्बित।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र स्थित स्पैरो रिजॉर्ट में आयोजित एक जन्मदिन पार्टी उस समय विवादों में घिर गई, जब पार्टी के दौरान कथित तौर पर असलहों से कई राउंड हर्ष फायरिंग की गई। घटना के बाद पुलिस ने पार्टी आयोजक समेत कई लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में लापरवाही पाए जाने पर कनकहा चौकी प्रभारी निमेश दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
●स्पैरो रिजॉर्ट में जन्मदिन पार्टी के दौरान 3-4 राउंड कथित हर्ष फायरिंग।
●करीब 40 मेहमान पार्टी में थे मौजूद, मची अफरा-तफरी।
●आयोजक गौरव शर्मा, रिंकू तिवारी समेत अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा।
●घटनास्थल से पुलिस ने खाली कारतूस किए बरामद।
●एक नामजद अभियुक्त हिरासत में, अन्य आरोपितों की तलाश जारी।
●जांच में लापरवाही मिलने पर कनकहा चौकी प्रभारी निमेश दुबे निलंबित।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र सिसेंडी - मदाखेड़ा मार्ग पर स्थित स्पैरो रिजॉर्ट में बीते रविवार रात आयोजित जन्मदिन के पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग होने से अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पहुची पुलिस ने कई लोगों हिरासत मे लेकर पूछताछ शुरु कर दी। और रिजॉर्ट के कर्मचारी की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई मे जुटी हुई है।
●फयरिंग से पार्टी में मची भगदड़, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई।
पुलिस के अनुसार, स्पैरो रिजॉर्ट के कर्मचारी जितेंद्र सिंह की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में बताया गया है कि रविवार रात लालबाग निवासी गौरव शर्मा की जन्मदिन पार्टी में करीब 40 लोग शामिल हुए थे। रात करीब नौ बजे केक काटने के बाद डीजे पर डांस के दौरान कथित तौर पर शराब के नशे में कुछ लोगों ने असलहों से तीन से चार राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से पार्टी में अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा पार्टी आयोजक सहित कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। घटनास्थल से खाली कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
●सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस।
पुलिस का कहना है कि रिजॉर्ट के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। हालांकि प्रथम दृष्टया फुटेज में फायरिंग करने वाले व्यक्तियों की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी है। पार्टी में शामिल अधिकांश लोग भी इस संबंध में जानकारी देने से बच रहे हैं। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर सभी दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
●'शर्मा चाय' संचालक के बेटे की थी पार्टी।
सूत्रों के अनुसार, हजरतगंज के लालबाग स्थित प्रसिद्ध 'शर्मा चाय' के संचालक गोपाल शर्मा के पुत्र गौरव शर्मा का जन्मदिन मनाने के लिए यह पार्टी आयोजित की गई थी। आरोप है कि पार्टी में देर रात तक शराब परोसी गई और नशे की हालत में हर्ष फायरिंग की गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रिजॉर्ट में देर रात होने वाली पार्टियों और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
●लापरवाही पर चौकी प्रभारी निलंबित।
पुलिस अधिकारियों द्वारा की गई जांच में प्रकरण के विवेचक एवं कनकहा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक निमेश दुबे की लापरवाही सामने आने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में एक नामजद अभियुक्त को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।
