मंगलवार, 21 जुलाई 2026

लखनऊ : बंद मकान का ताला तोड़ 50 हजार नकदी व जेवरात समेट ले गए बेखौफ चोर।||Lucknow: Brave thieves broke into a locked house and stole 50,000 rupees in cash and jewellery.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
बंद मकान का ताला तोड़ 50 हजार नकदी व जेवरात समेट ले गए बेखौफ चोर।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना बिजनौर क्षेत्र स्थित ओमेक्स सिटी में बेखौफ चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया। चोर घर के भीतर घुसकर करीब 50 हजार रुपये की नकदी सहित लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। घटना के समय मकान मालिक परिवार सहित नोएडा गया हुआ था। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा और सामान बिखरा देखकर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार थाना बिजनौर क्षेत्र की ओमेक्स सिटी निवासी बुजुर्ग अनिल कुमार श्रीवास्तव ने स्थानीय थाने में लिखित तहरीर देकर बताया कि वह 11 जुलाई 2026 को अपने घर में ताला लगाकर बेटे के पास नोएडा चले गए थे। सोमवार 20 जुलाई 2026 की शाम करीब 3:30 बजे जब वह वापस अपने आवास पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।
घर के अंदर प्रवेश करने पर दोनों बेडरूम की चारों अलमारियां टूटी मिलीं और कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा लगभग 50 हजार रुपये की नकदी गायब थी। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही बिजनौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य साक्ष्य जुटाकर चोरों की तलाश में जुटी है। क्षेत्र में हुई इस चोरी की वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।