मंगलवार, 21 जुलाई 2026

लखनऊ :सहकर्मी पर बैग से सोने की चेन और झुमके चोरी करने का आरोप, केस दर्ज।।||Lucknow:Colleague accused of stealing gold chain and earrings from a bag; case registered.||

शेयर करें:
लखनऊ :
सहकर्मी पर बैग से सोने की चेन और झुमके चोरी करने का आरोप, केस दर्ज।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती ने अपनी महिला सहकर्मी पर बैग से सोने की चेन और कान के झुमके चोरी करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे प्रकरण की छानबीन कर रही है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार कोतवाली तालकटोरा क्षेत्र के आलमनगर निवासी दीक्षा भट्ट ने कृष्णानगर कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि 7 जुलाई 2026 को वह अपनी सहकर्मी आराधना मिश्रा और सीनियर रिया कौशल के साथ फीनिक्स पलासियो मॉल स्थित जूडियो स्टोर में खरीदारी करने गई थीं।
पीडिता दीक्षा के अनुसार कपड़ों का ट्रायल करने के दौरान उन्होंने अपना बैग सहकर्मी आराधना मिश्रा के पास छोड़ दिया और स्वयं सीनियर के साथ ट्रायल रूम में चली गईं। कुछ देर बाद बाहर आकर उन्होंने अपना बैग वापस लिया और घर के लिए रवाना हो गईं।
रास्ते में बैग की जांच करने पर उन्हें पता चला कि बैग में रखी सोने की चेन और कान के झुमके (झाले) गायब हैं। इस पर वह तत्काल वापस जूडियो स्टोर पहुंचीं और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। पीड़िता का आरोप है कि फुटेज में उनकी सहकर्मी आराधना मिश्रा उनके बैग के साथ छेड़छाड़ करती हुई दिखाई दे रही हैं।
पीड़िता ने पुलिस से आरोपित के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए चोरी गए आभूषण बरामद कराने की मांग की है।
कृष्णानगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। 
कृष्ण नगर पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।