लखनऊ :
साइबर गैंग का नया खेल, बिना जानकारी जारी हुआ क्रेडिट कार्ड, 61 हजार किया पार,FIR दर्ज।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कृष्णा नगर क्षेत्र में क्रेडिट कार्ड फ्रॉड का सनसनीखेज मामला सामने आया है ग्राहक से बिना सहमति बैंक ने क्रेडिट कार्ड जारी कर दिया और खाते से ₹61 हजार की निकासी भी हो गई। एक व्यक्ति की पहचान का दुरुपयोग कर उसकी जानकारी व सहमति के बिना क्रेडिट कार्ड जारी किए जाने और उससे ₹61,223.04 की कथित साइबर ठगी का मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित की तहरीर पर कृष्णा नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
कृष्णानगर क्षेत्र के भोला खेड़ा निवासी अंकित दयाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उनका एचडीएफसी बैंक, हजरतगंज शाखा में पिछले आठ वर्षों से खाता है। 30 जून 2026 को उन्हें पता चला कि उनके नाम पर बिना किसी आवेदन, जानकारी या सहमति के एक RuPay UPI क्रेडिट कार्ड जारी कर उसे एक अज्ञात मोबाइल नंबर से लिंक कर सक्रिय कर दिया गया।
पीड़ित के अनुसार कार्ड की स्टेटमेंट जांचने पर 2 जून से 28 जून 2026 के बीच कुल ₹61,223.04 के कई संदिग्ध लेनदेन सामने आए। उनका कहना है कि संबंधित मोबाइल नंबर उनका नहीं है और उसी के माध्यम से कथित फर्जी ट्रांजैक्शन किए गए।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि संदिग्ध नंबर पर कॉल करने पर कॉल स्वतः फॉरवर्ड हो जाती है और कुछ देर बाद दूसरे मोबाइल नंबर से वापस कॉल आती है, जिससे उन्हें संगठित साइबर गिरोह की आशंका है।
पीड़ित ने बताया कि उन्होंने 30 जून को ही बैंक में शिकायत दर्ज कराई थी तथा साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत की थी। उनका आरोप है कि बैंक ने जांच पूरी करने के लिए 1 अगस्त 2026 तक का समय मांगा, जबकि इस बीच क्रेडिट कार्ड बिल की अंतिम भुगतान तिथि 12 जुलाई निकल गई। इससे उनके सिबिल स्कोर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने तथा लेट फीस एवं ब्याज लगाए जाने की आशंका बनी हुई है।
पीड़ित ने पुलिस से पहचान की चोरी (Identity Theft), साइबर धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
