लखनऊ :
बिजली कट होने पर लाइनमैन को बंधक बनाकर पीटा,सरकारी कार्य में डाली बाधा।।
पुलिस ने पीड़ित लाइनमैन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना सरोजनी नगर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज दबंगों ने एक लाइनमैन को कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपियों ने करीब एक घंटे तक लाइनमैन को रोककर सरकारी कार्य में भी बाधा पहुंचाई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार बंथरा थाना क्षेत्र के गाडरियन खेड़ा लोनहा निवासी रितेश पाल, गहरू पावर हाउस (33/11 केवी), लखनऊ में टीएम सर्विसेस कंसल्टिंग प्रा. लि. के माध्यम से लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं।
रितेश पाल के मुताबिक 19 जुलाई 2026 की रात वह अपनी निर्धारित ड्यूटी के लिए रात करीब 9 बजे गहरू पावर हाउस पहुंचे थे। इसी दौरान ग्राम दरोगा खेड़ा निवासी सर्वेश कुमार ने उन्हें लोधी स्टेट चौकी क्षेत्र में बुलाया। आरोप है कि जैसे ही वह अपनी गाड़ी से उतरे, वहां पहले से मौजूद सर्वेश कुमार अपने 2-3 साथियों के साथ उन पर टूट पड़ा।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और उन्हें जबरन बंधक बनाकर करीब एक घंटे तक रोके रखा। इस दौरान उन्हें पावर हाउस पर ड्यूटी के लिए जाने नहीं दिया गया, जिससे सरकारी कार्य भी प्रभावित हुआ। जाते समय आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़ित लाइनमैन ने थाना सरोजनी नगर पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी सर्वेश कुमार तथा अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सरोजनी नगर पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
