दिल्ली में CJP आंदोलन के बाद अलर्ट: दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर हाई सिक्योरिटी, संयुक्त चेकिंग अभियान तेज!!
दो टूक//नोएडा। दिल्ली में हाल ही में हुए 'सीजेपी' (CJP) आंदोलन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस और नोएडा पुलिस संयुक्त रूप से व्यापक चेकिंग अभियान चलाकर हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस कमिश्नर के निर्देशानुसार डीसीपी नोएडा साद मिया खान के पर्यवेक्षण तथा एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह के नेतृत्व में थाना फेस-1 पुलिस और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम दिल्ली-नोएडा सीमा पर लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही है।
अभियान के दौरान सीमा से गुजरने वाले प्रत्येक संदिग्ध वाहन और व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है। वाहनों के दस्तावेजों का सत्यापन, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ तथा आवश्यकतानुसार तलाशी लेकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य किसी भी असामाजिक तत्व की गतिविधि को समय रहते रोकना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा बॉर्डर पर आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि चेकिंग के दौरान पुलिस का सहयोग करें, आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि जनता के सहयोग से ही सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।।
