बुधवार, 22 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: कांवड़ यात्रा को लेकर ग्रेटर नोएडा पुलिस अलर्ट: डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने किया पैदल गश्त, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का लिया जायजा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: कांवड़ यात्रा को लेकर ग्रेटर नोएडा पुलिस अलर्ट: डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने किया पैदल गश्त, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का लिया जायजा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रही है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) शैलेंद्र कुमार सिंह ने बुधवार को थाना बादलपुर क्षेत्र में पुलिस बल के साथ व्यापक पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) कर सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया।

फुट पेट्रोलिंग के दौरान डीसीपी ने कांवड़ यात्रा मार्ग का बारीकी से निरीक्षण करते हुए सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष नजर रखी जाए। प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की सघन जांच की जाए, ताकि किसी भी असामाजिक तत्व की गतिविधि पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।

उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि यात्रा मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आम नागरिकों और कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने सभी पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सतर्क मौजूदगी बनाए रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए।

गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। पुलिस लगातार क्षेत्र में गश्त, निगरानी और चेकिंग अभियान चलाकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।।