गौतमबुद्धनगर: नोएडा में हाईवा डंपरों की बैटरी चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, पुलिस ने 4 चोरी की बैटरियां बरामद कर खोला गिरोह का राज!!
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने सेक्टर-154 स्थित ऐस ग्रुप की निर्माणाधीन बिल्डिंग के पीछे पुलिया के पास से अभियुक्त अशोक भाटी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई हाईवा डंपरों की चार बैटरियां बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह रात के समय कार से विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर निर्माणाधीन परियोजनाओं और सुनसान स्थानों पर खड़े भारी वाहनों की रेकी करता था। मौका मिलते ही हाईवा डंपरों की बैटरियां चोरी कर फरार हो जाता था। बाद में चोरी की बैटरियों को कम कीमत पर बेचकर अवैध रूप से आर्थिक लाभ कमाता था।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अशोक भाटी पुत्र वीरपाल, निवासी ग्राम महिपा जागीर, थाना सिकन्द्राबाद, जनपद बुलंदशहर, उम्र लगभग 36 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना नॉलेज पार्क में मु0अ0सं0 165/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। बरामद चारों बैटरियों को कब्जे में लेकर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने इससे पहले जिले या आसपास के क्षेत्रों में इसी तरह की कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और क्या इस चोरी के नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि निर्माणाधीन स्थलों और सुनसान क्षेत्रों में खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इस कार्रवाई से वाहन स्वामियों और निर्माण कंपनियों को राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
