रविवार, 5 जुलाई 2026

पुलिस लाइन गोण्डा में वामा सारथी, उप्र पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन ने “वामा वेलनेस कैम्प” का किया आयोजन

शेयर करें:
गोण्डा- पुलिस परिवारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए रविवार को वामा सारथी, उप्र पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन, अपोलोमेडिक्स हॉस्पिटल, टाटा 1एमजी व आयुष विभाग उप्र एंव स्थानीय चिकित्सा संस्थानों के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस लाइन परिसर में सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक “वामा वेलनेस कैम्प” का आयोजन कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिसकर्मियों एवं उनके आश्रित परिवारजनों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं आवश्यक जांच सुविधाएं सुलभ एवं रियायती दरों पर उपलब्ध कराना रहा। कैम्प के दौरान आए विशेषज्ञ डॉक्टरों एवं प्रशिक्षित पैरामेडिकल टीम द्वारा प्रतिभागियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। डायटीशियन द्वारा संतुलित आहार, वजन नियंत्रण, ड्यूटी के दौरान उचित खान-पान एवं जीवनशैली संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा हड्डी एवं मांसपेशियों से जुड़ी समस्याओं, कमर/गर्दन दर्द, लंबे समय तक ड्यूटी के कारण होने वाली शारीरिक परेशानियों के निवारण हेतु आवश्यक व्यायाम एवं सावधानियों की जानकारी दी गई। ऑप्टोमेट्रिस्ट द्वारा नेत्र परीक्षण कर जरूरतमंदों को उचित परामर्श प्रदान किया गया, वहीं नर्सिंग स्टाफ द्वारा सभी जांच प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया गया। इसके अतिरिक्त महिला चिकित्सक द्वारा उपस्थित पुलिस परिवारजनों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता वार्ता आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, नियमित जांच, एनीमिया की रोकथाम, जीवनशैली जनित बीमारियों से बचाव तथा मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विशेष बल दिया गया। शिविर में रक्तचाप एवं ब्लड शुगर की जांच के साथ-साथ विभिन्न पैथोलॉजी जांचें- जैसे शुगर प्रोफाइल, कोलेस्ट्रॉल, क्रिएटिनिन, हीमोग्लोबिन, थायरॉइड प्रोफाइल आदि निर्धारित रियायती दरों पर उपलब्ध कराई गईं, जिससे अधिक से अधिक पुलिस कर्मी एवं उनके परिजन लाभान्वित हो सकें। उक्त वेलनेस कैम्प में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित हुए तथा उत्साहपूर्वक स्वास्थ्य परीक्षण एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस के अन्य अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।