बुधवार, 8 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: बरसात से पहले एक्शन मोड में नोएडा प्राधिकरण, विधायक पंकज सिंह ने जलभराव और सफाई व्यवस्था पर की मैराथन समीक्षा बैठक!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: बरसात से पहले एक्शन मोड में नोएडा प्राधिकरण, विधायक पंकज सिंह ने जलभराव और सफाई व्यवस्था पर की मैराथन समीक्षा बैठक!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

 15 जुलाई तक सभी नालों की सफाई पूरी करने का लक्ष्य, 28 जलभराव वाले स्थानों पर पंप और स्टाफ तैनात, शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम भी सक्रिय

दो टूक//नोएडा। मानसून के दौरान शहर में जलभराव और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं से निपटने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को नोएडा विधानसभा क्षेत्र के विधायक पंकज सिंह ने नोएडा प्राधिकरण मुख्यालय में अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर शहर की सफाई व्यवस्था, नालों की सफाई, जल निकासी और जलभराव की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बरसात के दौरान आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं।

बैठक में नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, महाप्रबंधक (सिविल) ए.के. अरोड़ा, महाप्रबंधक (सिविल) एस.पी. सिंह, महाप्रबंधक (विद्युत एवं यांत्रिक) आर.पी. सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश चौहान, फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने शहर की सफाई व्यवस्था का विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए बताया कि नोएडा स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। पिछले वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण में उत्कृष्ट रैंक हासिल करने के साथ वर्ष 2024 में नोएडा सुपर स्वच्छ लीग में शामिल होने वाला उत्तर प्रदेश का एकमात्र शहर बना था। वर्तमान में शहर में प्रतिदिन लगभग 900 टन घरेलू कचरे का डोर-टू-डोर संग्रहण और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है। इसके अलावा प्रतिदिन लगभग 400 टन सीएंडडी (निर्माण एवं विध्वंस) कचरे का भी निस्तारण किया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि पूरे नोएडा को अलग-अलग जोनों में बांटकर नालों की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। लक्ष्य रखा गया है कि 15 जुलाई तक शहर के सभी नालों की सफाई पूरी कर ली जाए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को काफी हद तक रोका जा सके।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि शहर में 28 ऐसे स्थानों की पहचान की गई है, जहां हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती है। इन सभी स्थानों पर पहले से ही पंपिंग सेट लगाए जा चुके हैं और कर्मचारियों की तैनाती भी कर दी गई है, ताकि बारिश के समय तत्काल पानी निकासी की जा सके।

नोएडा प्राधिकरण ने जलभराव से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए एक कंट्रोल रूम भी सक्रिय किया है। नागरिक 0120-2423795 पर फोन कर किसी भी क्षेत्र में जलभराव की सूचना दे सकते हैं, जिस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान विभिन्न आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने कई इलाकों में नालों की नियमित सफाई न होने की शिकायतें भी रखीं। इस पर विधायक पंकज सिंह ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में सफाई कार्य लंबित है, वहां तत्काल प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए और भविष्य में नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

विधायक ने बारिश के दौरान लगने वाले ट्रैफिक जाम को भी गंभीर समस्या बताते हुए पुलिस और प्राधिकरण के बीच बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में 24 घंटे सक्रिय क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) गठित की जाए, जो जलभराव, ट्रैफिक बाधित होने या अन्य आपात स्थितियों में तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करे।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में नालों की सफाई में लापरवाही मिलेगी या जलभराव की समस्या बनी रहेगी, वहां संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और ठेकेदार की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विधायक ने यह भी निर्देश दिए कि नालों की सफाई शुरू करने से पहले संबंधित आरडब्ल्यूए, ग्राम प्रतिनिधियों और औद्योगिक संगठनों से समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि सफाई कार्य व्यवस्थित तरीके से हो और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक के अंत में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने विधायक को भरोसा दिलाया कि उनके सभी निर्देशों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पालन किया जाएगा। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बरसात के मौसम में जलभराव और सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आम जनता को राहत पहुंचाने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।।