गौतमबुद्धनगर: नोएडा में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, सेक्टर-49 पुलिस ने दो शातिर बदमाश दबोचे; चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद!!
दो टूक//नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर-49 पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में कई ऐसी मोटरसाइकिलें शामिल हैं, जिनकी चोरी के मुकदमे नोएडा के विभिन्न थानों में पहले से दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार 5 जुलाई 2026 को सेक्टर-50 से मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत मिलने के बाद थाना सेक्टर-49 में मुकदमा दर्ज कर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से पुलिस ने 7 जुलाई को बिजलीघर सेक्टर-50 के पास से बलिन्दर और विवेक को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें से कई मोटरसाइकिलों की चोरी के मुकदमे थाना सेक्टर-49, सेक्टर-20, फेस-3 और सेक्टर-39 में पहले से दर्ज हैं। पुलिस अन्य बरामद वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे पहले नोएडा और एनसीआर के विभिन्न इलाकों में रेकी करते थे। मौका मिलते ही दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें एक सुरक्षित स्थान पर छिपा देते थे। बाद में उचित ग्राहक मिलने पर चोरी की मोटरसाइकिलों को राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे।
गिरफ्तार आरोपी बलिन्दर मूल रूप से बिहार के कटिहार जिले का निवासी है और वर्तमान में होशियारपुर, सेक्टर-49 में रह रहा था, जबकि दूसरा आरोपी विवेक होशियारपुर, सेक्टर-51 का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। बलिन्दर पर आबकारी अधिनियम के तहत तथा विवेक पर आयुध अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से बरामद अन्य वाहनों के संबंध में भी जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा चोरी के वाहन किन-किन लोगों को बेचे गए हैं। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।।
