बुधवार, 8 जुलाई 2026

श्रावण शिवरात्रि कांवड़ यात्रा को लेकर गौतमबुद्धनगर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य और यातायात तक की तैयारियों की हुई व्यापक समीक्षा!!

शेयर करें:

श्रावण शिवरात्रि कांवड़ यात्रा को लेकर गौतमबुद्धनगर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य और यातायात तक की तैयारियों की हुई व्यापक समीक्षा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 08 जुलाई 2026। आगामी श्रावण शिवरात्रि कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत सुरक्षा, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और कांवड़ मार्गों पर मूलभूत सुविधाओं सहित सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने पूरे कांवड़ मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों के कंट्रोल रूम पूरी यात्रा के दौरान सक्रिय रखने को कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति का तत्काल समाधान किया जा सके।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कांवड़ शिविरों में स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, डस्टबिन, स्नानघर, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बरसात के मौसम को देखते हुए नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।

स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए कि कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस, चिकित्सकीय टीमें और एंटी-वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। प्रमुख पड़ावों, कांवड़ शिविरों और थाना-चौकियों के निकट मेडिकल कैंप स्थापित किए जाएं तथा आसपास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को पूरी तरह तैयार रखा जाए।

विद्युत विभाग को कांवड़ मार्ग पर बिजली से जुड़े सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। ट्रांसफार्मरों के आसपास सुरक्षा घेरा बनाने, बिजली के पोलों को इंसुलेशन से कवर करने तथा वर्षा के दौरान करंट फैलने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

वन विभाग को मार्ग में बाधा बनने वाली झाड़ियों की कटाई, पेड़ों की शाखाओं की छंटाई और सफाई अभियान समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा संबंधित विभागों को कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, अतिक्रमण हटाने, सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने तथा ब्लैक स्पॉट और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को कांवड़ यात्रा के दौरान खाद्य पदार्थों की नियमित जांच कर मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर मूल्य सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने और श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं निर्धारित दरों पर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। प्रशासन ने प्रमुख स्थानों पर हेल्प डेस्क, दिशा-सूचक संकेतक और सूचना बोर्ड स्थापित करने के भी निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को समय पर आवश्यक जानकारी और सहायता मिल सके।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की आवश्यकताओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ नियमित निगरानी करते हुए कार्य करें, जिससे श्रावण शिवरात्रि कांवड़ यात्रा-2026 शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।

बैठक में पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा रविशंकर निम, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) शाव्या गोयल, अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा मनीषा सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) आर.के. गौतम, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, डिप्टी कलेक्टर अभय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।।