बुधवार, 8 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में गांजा तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 1.2 किलो अवैध गांजे के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में गांजा तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 1.2 किलो अवैध गांजे के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार!!
 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के तहत थाना सेक्टर-39 पुलिस ने एक शातिर गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी पहले भी चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशा कारोबार पर प्रभावी प्रहार माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार 7 जुलाई 2026 को थाना सेक्टर-39 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से सेक्टर-100 क्षेत्र में चेकिंग के दौरान गांजा तस्करी कर रहे हर्ष वर्धन पुत्र सतीश को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

गिरफ्तार आरोपी हर्ष वर्धन मूल रूप से श्यामलाल कॉलोनी, थाना अनूपशहर, जनपद बुलंदशहर का रहने वाला है तथा वर्तमान में ग्राम बरौला, सेक्टर-49 नोएडा में रह रहा था। उसकी उम्र 21 वर्ष बताई गई है।

जांच में सामने आया कि आरोपी कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ नोएडा के थाना सेक्टर-49 और थाना सेक्टर-39 में चोरी, आर्म्स एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट के कुल नौ मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वर्ष 2021 से लेकर वर्ष 2026 तक वह लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।