गौतमबुद्धनगर: न्यायमूर्ति अजय भनोट का बाल गृहों में निरीक्षण, बच्चों के सर्वांगीण विकास पर दिया जोर; नोएडा में थीम पार्क का उद्घाटन!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ के माननीय न्यायमूर्ति एवं माननीय किशोर न्याय समिति के अध्यक्ष अजय भनोट ने शनिवार को गौतमबुद्धनगर स्थित राजकीय बाल गृहों का निरीक्षण कर वहां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नोएडा फेस-2 स्थित राजकीय बाल गृह (किशोर) परिसर में नोएडा विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित आधुनिक थीम पार्क का उद्घाटन किया और बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं रचनात्मक विकास के लिए संचालित गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की।
योग, खेल, थिएटर और कौशल विकास पर विशेष जोर
थीम पार्क के उद्घाटन के बाद न्यायमूर्ति अजय भनोट ने बाल गृह में संचालित "पायलट प्रोजेक्ट" का अवलोकन किया। इस परियोजना के तहत बच्चों को योग, मेडिटेशन, आउटडोर गेम्स, थिएटर, पेंटिंग और व्यावसायिक प्रशिक्षण (वोकेशनल ट्रेनिंग) जैसी गतिविधियों से जोड़कर उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने इन कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली और बच्चों के समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए इन्हें और प्रभावी बनाने पर बल दिया।
बालिकाओं और किशोरियों के लिए बेहतर शिक्षा व कौशल विकास के दिए सुझाव
इसके बाद माननीय न्यायमूर्ति ने सेक्टर-62 स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) एवं राजकीय बाल गृह (किशोरी) का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां रह रही बालिकाओं और किशोरियों के लिए संचालित शिक्षा, कौशल विकास एवं अन्य पुनर्वास कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक कौशल प्रशिक्षण तथा आत्मनिर्भर बनाने वाले कार्यक्रमों से अधिकाधिक जोड़ा जाए, ताकि वे समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक अपना भविष्य बना सकें।
बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना, किया उत्साहवर्धन
निरीक्षण के दौरान बाल गृहों में रह रहे बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। न्यायमूर्ति अजय भनोट ने बच्चों की प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान माननीय न्यायमूर्ति अजय भनोट एवं जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव ने थीम पार्क परिसर में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हरित वातावरण को बढ़ावा देने पर बल दिया गया।
मूलभूत सुविधाओं और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति अजय भनोट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाल गृहों में रह रहे सभी बच्चों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उन्हें सरकार द्वारा संचालित शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य एवं पुनर्वास संबंधी योजनाओं से प्रभावी रूप से जोड़ा जाए, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बन सके।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश गौतमबुद्धनगर अतुल श्रीवास्तव प्रथम, चेयरमैन/न्यायिक शेल्टर होम कमेटी एवं प्रधान न्यायाधीश (अतिरिक्त परिवार न्यायालय) सीमा सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार चतुर्थ, प्रधान मजिस्ट्रेट हृषीकेश पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अजीत कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, नोएडा विकास प्राधिकरण के निदेशक (हॉर्टिकल्चर) आनंद मोहन सहित संबंधित अधिकारी एवं बाल गृहों के प्रभारी अधीक्षक/अधीक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
यह निरीक्षण बच्चों के पुनर्वास, शिक्षा, कौशल विकास और उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। न्यायमूर्ति अजय भनोट ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर भविष्य उपलब्ध कराना शासन और समाज की साझा जिम्मेदारी है।।
