लखनऊ :
फर्जी SDO बनकर 64 लाख की ठगी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार।
●बिजली विभाग में टेंडर दिलाने का दिया था झांसा।
दो टूक : राजधानी के थाना आशियाना क्षेत्र में खुद को बिजली विभाग का एसडीओ बताकर फर्जी पहचान के जरिए लाखों रुपये की ठगी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने बिजली विभाग में टेंडर और मकान निर्माण का काम दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 64 लाख की धोखाधड़ी की थी।
विस्तार :
आशियाना इस्पेक्टर गजेन्द्र कुमार राय के अनुसार, पीड़ित की शिकायत पर वर्ष 2024 में आशियाना थाने में धोखाधड़ी, कूटरचना और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही।
मुखबिर की सूचना पर 25 जुलाई 2026 को आशियाना थाना पुलिस ने औरंगाबाद अंडरपास के पास से आरोपी देवेन्द्र तिवारी (45 वर्ष) निवासी वीरामपुर, जनपद भदोही को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुद को बिजली विभाग का एसडीओ बताकर फर्जी पहचान पत्र तैयार करने तथा टेंडर और मकान निर्माण का काम दिलाने के नाम पर पीड़ित से ₹64 लाख लेने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आशियाना थाने में दर्ज मुकदमे में भारतीय दंड संहिता की धोखाधड़ी, कूटरचना एवं फर्जी दस्तावेज के प्रयोग से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य जिलों और थानों से भी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई को थाना आशियाना के प्रभारी निरीक्षक गजेन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुनील कुमार यादव, मनीष सिंह एवं अभिषेक कुमार की टीम ने अंजाम दिया।
