रविवार, 26 जुलाई 2026

उन्नाव : पुलिस ने एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर पांच दो पहिया बरामद।।||Unnao: Police arrested a vehicle thief and recovered five two-wheelers.||

शेयर करें:
उन्नाव  : 
पुलिस ने एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर पांच दो पहिया बरामद।।
द टूक : उन्नाव जनपद के कोतवाली
गंगाघाट पुलिस टीम ने वाहन गैंग का खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के चार बाइक समेत एक स्कूटी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी के विरूद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
विस्तार  :
पुलिस के अनुसार अपराध और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत गंगाघाट थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे और निशानदेही पर चार चोरी की मोटरसाइकिलें और एक स्कूटी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी और गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को गंगाघाट थाना पुलिस संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने छोटू उर्फ बौका यादव (22 वर्ष) को चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में बरामद बाइक के चोरी का मामला पहले से दर्ज पाया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर ग्राम नेतुहा के पास से तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें और एक स्कूटी भी बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक, बरामद वाहनों में कुछ के संबंध में उन्नाव और कानपुर नगर के विभिन्न थानों में वाहन चोरी के मुकदमे पहले से दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर गंगाघाट थाने में भी संबंधित धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से देवरिया जनपद का रहने वाला है और वर्तमान में बांगरमऊ क्षेत्र में रह रहा था। उसके खिलाफ पूर्व में भी वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं, जबकि वर्ष 2026 में उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस अब उसके अन्य संभावित साथियों और वाहन चोरी के नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई को गंगाघाट थाना पुलिस की टीम ने उपनिरीक्षक सुभाष चन्द्र के नेतृत्व में अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।