लखनऊ :
फर्जी रजिस्ट्री मामले में पहचान बदलकर गवाह बनने वाला आरोपी गिरफ्तार।
●फर्जी महिला खड़ी कर जमीन की रजिस्ट्री कराने का आरोप है।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना बिजनौर क्षेत्र में कूटरचित दस्तावेजों और फर्जी पहचान के जरिए जमीन की धोखाधड़ी कर आर्थिक लाभ लेने के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे पहचान छुपाकर गवाही देने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने कथित तौर पर अपनी पहचान बदलकर फर्जी गवाह की भूमिका निभाई और विवादित जमीन की रजिस्ट्री कराने में सहयोग किया।
विस्तार :
थाना बिजनौर इस्पेक्टर के अनुसार, वर्ष 2024 में एक महिला की लिखित शिकायत पर स्थानीय थाना बिजनौर में मामला दर्ज किया गया था।
महिला का आरोप था कि उनकी जमीन को सुनियोजित तरीके से हड़पने के लिए उनकी जगह एक दूसरी महिला को प्रस्तुत किया गया और फर्जी गवाहों के माध्यम से रजिस्ट्री कराकर आर्थिक लाभ लिया गया। इसी आधार पर बिजनौर थाने में धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मो. मेराज ने कथित रूप से अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर 'राकेश कुमार' के नाम से रजिस्ट्री में गवाह के रूप में हस्ताक्षर किए थे। जांच आगे बढ़ने पर आरोपी फरार हो गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा। पुलिस ने साक्ष्यों के संकलन और मुखबिर की सूचना के आधार पर 25 जुलाई 2026 को आरोपी मो. मेराज (56 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
